February 17, 2026

काशीपुर। पति व सास पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए एक महिला ने पुलिस को तहरीर सौंपकर कानूनी कार्यवाही की गुहार लगाई है। ग्राम दभौरा मुस्तहकम निवासी शीतल ने आईटीआई कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपकर बताया कि उसकी शादी को 13 साल हो चुके हैं। उसकी दो बेटियां भी हैं। पति शराब के नशे का आदी है और रोजाना किसी न किसी बात को लेकर मेरे साथ मारपीट व गालीगलौज करता है। वह मुझे और मेरी बेटियों का खर्च व घर खर्च के लिए रूपये भी नहीं देता है। शीतल ने कहा कि वह वाल्मीकि जाति की है। उसका प्रेम विवाह हुआ है तथा पति और उसकी पूरी फैमली शादी के इतने दिन बाद मेरी जाति को लेकर मुझे प्रताड़ित करते हैं और मुझे छोटी जाति का बताकर मेरा अपमान करते हैं। आरोप है कि सास भी पति का ही साथ देती है। पति ने अभी अपनी एक जमीन बेची थी जिसमें कि मेरे पति को 4 लाख रूपये मिले थे। मेरे पति ने वो सारे रुपये अपनी मां यानि मेरी सास को दे रखे हैं और मेरी सास रोजाना उन रुपयों में से 500 रुपये मेरे पति को नशे इत्यादि के लिए देती है। वो मेरे पति को मेरे खिलाफ भड़काती रहती है और अपने सामने खड़े होकर मुझे पिटवाती है। सोमवार 16 फरवरी की देर रात भी पति ने मुझे बुरी तरीके से मारापीटा और गला दबाकर मुझे जान से मारने की कोशिश की। उसने मेरी लड़की का भी गला दबाने की कोशिश की। उसने मेरे माथे पर पत्थर से वार किया, जिससे मेरे गुम चोट आई। पति ने मुझे कुछ ही दिनों में जान से मारने की धमकी दी है। तहरीर में कहा गया कि आज सुबह भी करीब 8 बजे पति ने बेवजह गालीगलौच करते हुए मुझे बुरी तरह मारना-पीटना शुरू कर दिया, तो मैंने पास में ही रहने वाली अपनी बहन को कॉल कर अपने घर पर बुलाया। पति ने उससे भी गालीगलौच की और जान से मारने की नियत से चाकू से उस पर जोरदार दो वार किये। चाकू मेरी बहन के बांये हाथ व गाल पर लगा और कट गया। मेरी बहन ने बमुश्किल भागकर अपनी जान बचाई, वरना वो उसे भी जान से मार देता। शीतल ने अपने पति और सास से जान-माल का खतरा बताते हुए कानूनी कार्यवाही की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की जांच करने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *