







द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल, काशीपुर के विद्यार्थियों ने कम्युनिटी सर्विस कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय जैतपुर घोषी का दौरा कर बच्चों को स्वच्छता, हाइजीन और अच्छे संस्कारों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान गुरुकुल स्कूल के विद्यार्थियों ने छोटे बच्चों को हाथ धोकर भोजन करने की आदत, पानी की बर्बादी रोकने के उपाय, वृक्षारोपण के महत्व, सदाचार के गुण तथा आपसी सहयोग और एक-दूसरे की सहायता करने जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी। विद्यार्थियों ने स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश पीपीटी प्रस्तुति और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर स्कूल के रसायन विभाग की विभागाध्यक्ष श्रीमती पारुल गोयल ने बताया कि इस प्रकार की कम्युनिटी सर्विस गतिविधियाँ विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
स्कूल की वरिष्ठ छात्राओं काव्य शर्मा और ईशानी भंडारी ने बच्चों से हाथ धोने, वृक्षारोपण करने तथा दूसरों की सहायता करने जैसे विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका बच्चों ने उत्साहपूर्वक उत्तर दिया।
कार्यक्रम के दौरान गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल के विद्यार्थियों ने जैतपुर घोषी विद्यालय के बच्चों को कोलगेट, साबुन, ब्रश तथा फल भी वितरित किए, जिससे बच्चों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जा सके। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने स्वच्छता से जुड़े नारों और पोस्टरों के माध्यम से भी बच्चों को जागरूक किया और साफ-सफाई का महत्व समझाया।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय जैतपुर घोषी की प्रधानाध्यापिका एवं शिक्षकों ने द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल की इस सराहनीय पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल, काशीपुर के चेयरमैन श्री नीरज कपूर जी, डायरेक्टर श्रीमती वसुधा कपूर जी , प्रधानाचार्या श्रीमती मिनल बधवार जी , विभागाध्यक्ष श्रीमती पारुल गोयल जी सहित अनेक शिक्षक एवं शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।


जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
