March 28, 2026
Screenshot_20260327_164716_Gallery

काशीपुर। श्री कायस्थ सभा काशीपुर ने ‘श्री चित्रगुप्त कन्यादान एवं सामूहिक विवाह प्रोत्साहन योजना’ का विधिवत शुभारंभ कर समाज सेवा और सहयोग की ओर कदम बढ़ाया है। नगर में श्री चामुंडा देवी मंदिर के समीप स्थित श्री कायस्थ सभा भवन में वृहस्पतिवार सायं पत्रकार वार्ता आयोजित कर श्री कायस्थ सभा के अध्यक्ष अभिताभ सक्सेना एडवोकेट ने उक्त योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना विशेष रूप से आर्थिक रूप से असक्षम परिवारों की कन्याओं के विवाह में सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। संस्था का उद्देश्य केवल आर्थिक मदद देना नहीं, बल्कि समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना भी है। योजना के तहत श्री कायस्थ सभा से जुड़े आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की कन्याओं के विवाह के लिए सभा भवन निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा और 5100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं, अन्य जरूरतमंद परिवारों को सभा भवन शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट के साथ 5100 रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी, बशर्ते विवाह सभा भवन में ही संपन्न हो। उन्होंने बताया कि इस योजना में शहीदों की बेटियों, विधवा माताओं की पुत्रियों, दिव्यांग कन्याओं एवं अत्यंत निर्धन परिवारों को प्राथमिकता देने का लक्ष्य रखा गया है।
इस दौरान संस्था सचिव राजेश कुमार सक्सेना ने बताया कि योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए 7 सदस्यीय जांच समिति गठित की जाएगी, जो आवेदनों का स्थल निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट कार्यकारिणी को सौंपेगी। इसके आधार पर पात्र लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।
प्रारंभिक चरण में वर्ष में अधिकतम 10 कन्याओं को योजना का लाभ दिया जाएगा, जिसे भविष्य में बढ़ाने की योजना है। आवेदन विवाह तिथि से कम से कम दो माह पूर्व करना अनिवार्य होगा, हालांकि विशेष परिस्थितियों में इस अवधि में छूट भी दी जा सकेगी। सहायता राशि विवाह के समय चेक के माध्यम से प्रदान की जाएगी। पत्रकार वार्ता के दौरान अशोक सक्सेना, मुकेश सक्सेना, कामिनी श्रीवास्तव, अनूप सक्सेना समेत तमाम कायस्थ बंधु उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!