
काशीपुर — मास्टर इंटरनेशनल स्कूल में बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ ग्रेजुएशन डे समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय का पूरा परिसर रंग-बिरंगी सजावट, उत्साह और उल्लास से सराबोर दिखाई दिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की मुस्कान, उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दीपक वाली (महापौर) के करकमलों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ ही कार्यक्रम का विधिवत आरंभ हुआ और पूरे वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। इसके पश्चात छोटे-छोटे बच्चों ने हनुमान चालीसा को नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की यह प्रस्तुति न केवल मनोरम थी, बल्कि उसमें भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता की सुंदर झलक भी देखने को मिली।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जतिन शर्मा (राधेहारी डिग्री कॉलेज के छात्र संघ अध्यक्ष) उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों का विद्यालय प्रबंधन द्वारा भव्य स्वागत किया गया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि दीपक वाली ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को नगर की स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए एक जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया और सभी को स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प दिलाया।
ग्रेजुएशन डे का यह कार्यक्रम नर्सरी से लेकर यूकेजी तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया। इस दौरान बच्चों को उनके प्रारंभिक शिक्षा चरण की सफल पूर्णता पर सम्मानित किया गया। बच्चों ने रंग-बिरंगे परिधानों में मंच पर नृत्य, गीत और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। अभिभावकों ने अपने बच्चों को मंच पर आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुति देते देख गर्व का अनुभव किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कक्षाओं के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। नर्सरी कक्षा में प्रथम स्थान यथार्थ सिंह, द्वितीय स्थान अक्षता सिंह और तृतीय स्थान ओम चौहान ने प्राप्त किया। एलकेजी ‘ए ’ में प्रथम स्थान सानवी , द्वितीय स्थान संघवी तथा तृतीय स्थान काशवी नेगी, युवराज पुष्पक ने प्राप्त किया। वहीं एलकेजी ‘बी’ में प्रथम स्थान रितिका, द्वितीय स्थान मोहम्मद उजेर और तृतीय स्थान तमन्ना रही। यूकेजी ‘अ’ में समृद्धि अरोरा प्रथम, आदित्री द्वितीय तथा रिद्धिका यादव, अविरत श्रेष्ठ तृतीय स्थान पर रहें ।
विद्यालय द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली “मैथ्स मैजिशियन” प्रतियोगिता के विजेताओं को भी ट्रॉफी प्रदान की गई। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में गणित के प्रति रुचि बढ़ाना और जटिल प्रश्नों को सरल तरीके से हल करना सिखाना है। ग्रुप वन में कायरा शर्मा विजेता और मननदीप सिंह उपविजेता रहे। ग्रुप टू में सिद्धार्थ नागर गौतम विजेता तथा भूमिक कुमार सिंह उपविजेता रहे। ग्रुप थ्री में अन्वी चतुर्वेदी और अनिकेत यादव विजेता रहे, जबकि भूमिका चौहान एवं शिवांश अग्रवाल उपविजेता रहे।
इसके साथ ही विद्यालय में आयोजित “मास्टरमाइंड ऑफ जनरल नॉलेज” प्रतियोगिता के प्रतिभागियों और विजेताओं को भी प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। कक्षा 1 से 3 तक में मननदीप सिंह विजेता और प्राणिक अग्रवाल उपविजेता रहे। कक्षा 4 से 5 तक में प्रयाग शैली विजेता और रुशान हमजा सैफी उपविजेता रहे। वहीं कक्षा 6 से 8 तक में नविका चौहान विजेता और नीरज मीना उपविजेता रहे।
मुख्य अतिथि दीपक वाली ने अपने संबोधन में मास्टर इंटरनेशनल स्कूल के नए सीनियर विंग को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय का यह नया भवन अत्यंत भव्य और सुंदर बन रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आधुनिक सुविधाओं से युक्त सीनियर विंग विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को नई दिशा देगा।
इसी के साथ उन्होंने विद्यालय द्वारा किए जा रहे “वेस्ट टू वंडर” जैसे सराहनीय प्रयासों की भी प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि किस प्रकार अनुपयोगी (वेस्ट) वस्तुओं का सही उपयोग कर उन्हें उपयोगी और आकर्षक वस्तुओं में बदला जा सकता है। यह न केवल रचनात्मकता को बढ़ावा देता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का भी महत्वपूर्ण संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि मास्टर इंटरनेशनल स्कूल पहले से ही इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है, जिसे देखकर उन्हें अत्यंत हर्ष हुआ। विद्यालय के इस प्रयास को उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरणादायक बताया।
वहीं श्री जतिन शर्मा ने सभी अभिभावकों को संबोधित करते हुए विद्यालय की सराहना की। उन्होंने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यह विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रयासरत है। उन्होंने विद्यालय के अनुशासन, शिक्षण पद्धति और आधुनिक सुविधाओं की भी प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने बताया कि विद्यालय अपनी उन्नति की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए बांसखेड़ा अलीगंज रोड पर अपनी सीनियर विंग का निर्माण कर रहा है, जिससे छात्रों को बेहतर और उच्च स्तर की शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. गौरव गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रेजुएशन डे केवल एक समारोह नहीं, बल्कि बच्चों के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह उनके शैक्षिक जीवन की मजबूत नींव को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने अभिभावकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही बच्चों को बेहतर शिक्षा और संस्कार प्रदान किए जा सकते हैं।
विद्यालय की प्रबंधिका श्रीमती शिल्पी गर्ग ने अपने उद्बोधन में कहा कि छोटे-छोटे बच्चों को इस प्रकार मंच पर आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत होते देखना अत्यंत सुखद अनुभव है। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है और आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे बच्चों में आत्मविश्वास और प्रतिभा का विकास हो सके।
समारोह के अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया। यह ग्रेजुएशन डे समारोह न केवल बच्चों के लिए यादगार बना, बल्कि अभिभावकों और शिक्षकों के लिए भी गर्व और खुशी का अवसर साबित हुआ।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
