
काशीपुर। शहर के कचनाल गाजी क्षेत्र स्थित कुमाऊं कॉलोनी से एक 63 वर्षीय मानसिक रूप से बीमार बुजुर्ग के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं लगने पर पुलिस से गुमशुदगी दर्ज कर खोजबीन की मांग की गई है। जानकारी के अनुसार कुमाऊं कॉलोनी निवासी तालिब ने कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके पिता फईम खान (63 वर्ष) पुत्र खलील खान गत 5 जून की शाम करीब छह बजे बिना किसी को बताए घर से कहीं चले गए थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों तथा संभावित स्थानों पर उनकी तलाश की, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चल सका है। तालिब ने बताया कि उनके पिता मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है। पुत्र ने कोतवाली पुलिस से गुमशुदगी दर्ज कर जल्द से जल्द खोजबीन शुरू करने की गुहार लगाई है। वहीं पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को फईम खान के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन अथवा परिवार को सूचित करें।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



