नई दिल्ली। ईद पर भाजपा की प्लानिंग 32000 मस्जिदों के सहयोग से प्रति मस्जिद 100 किट बांटने की है। भाजपा ने मंगलवार को सौगात-ए-मोदी अभियान की शुरुआत की। इसके तहत देशभर में 32 लाख वंचित मुसलमानों को ईद मनाने के लिए विशेष किट दी जा रही है। भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा ने इस अभियान की जिम्मेदारी संभाली है। मोर्चे के 32 हजार कार्यकर्ता देश की 32 हजार मस्जिदों के साथ मिलकर जरूरतमंदों तक ये किट पहुंचाएगी। इसके लिए हर मस्जिद से 100 लोगों को मदद पहुंचाने का टारगेट रखा गया है। सौगात-ए-मोदी किट में कपड़े और खाने पीने का सामान है। इसमें महिलाओं के लिए सूट, पुरुषों के लिए कुर्ता-पायजामा, दाल, चावल, सेवई, सरसों तेल, चीनी, कपड़े, मेवा, खजूर शामिल हैं। प्रत्येक किट की कीमत ₹500-₹600 के करीब बताई गई है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने कहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर त्योहार के जश्न और हर किसी की खुशी में शामिल होते हैं। हम हर त्योहार को रंगों से भरपूर बनाने का प्रयास कर रहे हैं। आज हम सौगात-ए-मोदी किट बांट रहे हैं क्योंकि यह रमजान का महीना है। सभी की आस्था का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि रमजान के पवित्र महीने और ईद, गुड फ्राइडे, ईस्टर, नौरुज के मौके पर अल्पसंख्यक मोर्चा ‘सौगात-ए-मोदी’ अभियान के जरिए जरूरतमंदों तक पहुंचेगा। जिला स्तर पर ईद मिलन समारोह भी आयोजित किए जाएंगे।
अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी यासिर जिलानी ने कहा कि ये अभियान भाजपा के मुस्लिम समुदाय के बीच कल्याणकारी योजनाओं को बढ़ावा देने के लिए है। इसके जरिए भाजपा और एनडीए के लिए राजनीतिक समर्थन जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। दिल्ली हज कमेटी की अध्यक्ष कौसर जहां ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यह एक और बहुत अच्छी पहल है। आपने देखा होगा कि जब से भाजपा सरकार सत्ता में आई है, हमने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी बिना किसी भेदभाव के साथ अपने साथ लिया है, जो हमारा मूल मंत्र है “सबका साथ, सबका विकास” उसे ये दर्शाता है।
भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि नरेंद्र मोदी का विकास एजेंडा कभी भी वोटों के लिए सौदा नहीं रहा है। पिछले 11 सालों में उन्होंने समाज के आखिरी पायदान पर खड़े लोगों के जीवन में खुशियां लाने का काम किया है।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा- मेरे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘सबका साथ, सबका विकास’ में विश्वास करते हैं। इसी सोच के साथ केंद्र सरकार और बिहार सरकार विकास की दिशा में काम कर रही है।
जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 9412528011