

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में एक युवती का शव घर में फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया जा रहा है कि मृतका पूर्व में भी आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी। वार्ड नंबर तीन-डी ब्लाॅक निवासी सन्यासी सरकार ने बृहस्पतिवार दोपहर ट्रांजिट कैंप थाने में पहुंचकर पुलिस को भतीजी के फांसी लगाने की सूचना दी। एसआई महेश कांडपाल, नेहा ध्यानी टीम के साथ ट्रांजिट कैंप के डी-ब्लाॅक में प्रफुल्ल के घर पहुंचे। कमरे में प्रफुल्ल की बेटी अर्चना सरकार (28) का शव पंखे पर लगे फंदे से लटका मिला। परिजनों ने बताया कि अर्चना ने फार्मेसी का कोर्स किया था। वह मुख्य बाजार में एक होम्योपैथिक क्लीनिक में काम करती थी। उसकी बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि मृतका का अपनी पानी की बाल्टी को लेकर मां अंजली से विवाद हुआ था। इसके बाद वह नाराज होकर अपने कमरे में चली गई थी। वह अपने सामान को लेकर बेहद संवेदनशील रहती थी। प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। कमरे से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि अर्चना दो-तीन बार पहले भी आत्महत्या की कोशिश कर चुकी थी। वह फिर से आत्मघाती कदम न उठा ले, इसके लिए पिता ने उसके कमरे के दरवाजों की चिटकनी निकलवा दी थी। सीओ ने बताया कि मृतका ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जांच की जा रही है।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
