February 15, 2026
Screenshot_20250716_152927_WhatsApp.jpg

काशीपुर। एसटीएफ ने आईटीआई थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक ऑटोमैटिक पिस्टल और दो मैगजीन के साथ एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक मास्टर माइंड न्यूजीलैंड में बैठकर हथियारों का बड़ा नेटवर्क चला रहा था। एसटीएफ के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक एमपी सिंह की टीम ने आईटीआई थाना पुलिस के साथ आर्य नगर स्थित डॉ. सिंह वाली गली में छापा मारकर हर्ष शर्मा को दो अवैध पिस्टल व दो मैगजीन और .32 बोर के कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। बताया गया कि आरोपी पर इनाम घोषित था। संयुक्त कार्रवाई में हत्थे चढ़ा हथियार सप्लायर व्हाट्सएप पर न्यूजीलैंड में बैठे गुरविंन्दर सिंह बाजवा उर्फ गूरी के संपर्क में रहता था। गूरी के कहने पर वह असलहे डिलीवर करता था और एक असलहा डिलीवर करने के एवज में उसे 10 हजार रुपये मिलते थे। अभियुक्त से बरामद दो अवैध पिस्टल मेरठ में तैयार होना बताया जा रहा है। एसटीएफ के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार अंतर्राज्जीय असलहा तस्कर से कुछ जानकारियां मिली हैं। इस पर टीम काम कर रही है। ऊधमसिंहनगर में बड़े पैमाने पर असलहों की सप्लाई की जानकारी एसटीएफ को मिल रही थी। करीब दो महीने से सप्लायर की तलाश में जुटी एसटीएफ ने आईटीआई थाना पुलिस के साथ हथियार सप्लायर हर्ष शर्मा निवासी आर्यनगर, काशीपुर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से .32 बोर के दो अवैध पिस्टल व दो मैगजीन बरामद की गई थी। वह बरामद असलहे डिलीवर करने के लिए जा रहा था। संयुक्त टीम ने उससे पूछताछ की तो पता चला कि 22 साल का हर्ष काशीपुर में ही पॉलीटेक्निक का सिविल ट्रेड में अंतिम वर्ष का छात्र है। उसके पिता किसी फैक्टरी में इंजीनियर हैं। हर्ष काशीपुर के खरमासा निवासी गुरविंन्दर सिंह बाजवा उर्फ गूरी के निर्देश पर काम कर रहा था। गुरविंदर ही उसे असलहा कहां से उठाकर किसे देना है, यह बताता था। वह करीब एक साल से गूरी के संपर्क में था। उसे प्रति पिस्टल डिलीवरी की एवज में रुपये मिलते थे। उसने काशीपुर और आसपास के क्षेत्र के अलावा रामपुर और मुरादाबाद में ही एक दर्जन से अधिक असलहा डिलीवर करने की बात स्वीकारी है। गूरी डेढ़ साल पहले ही न्यूजीलैंड गया था। एसटीएफ को अंदेशा है कि गूरी असलहा तस्करी का नेटवर्क चला रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *