
काशीपुर। पुलिस ने काली बस्ती में एक घर में रेड डालकर एक स्मैक तस्कर को 14.84 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली पुलिस के वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनिल जोशी ने बताया कि वे एसआई मनोज धोनी, हेड कांस्टेबल संजय कुमार, कांस्टेबल सचिन कुमार तथा वन्दना के साथ गश्त कर रहे थे। जब वे गंगे बाबा मंदिर रोड पर पहुंचे तो उन्हें वहां एसआई सुनील सुतेड़ी व चीता मोबाइल में तैनात प्रेम सिंह कनवाल मिले। तभी मुखबिर ने सूचना दी कि आपके केस में वांछित अभियुक्त शहनवाज पुत्र नफीस अभी अपने घर पर ही मौजूद है, जल्दी करो तो पकड़ा जा सकता है। मुखबिर की सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस की टीम गंगे बाबा तिराहे से देशी शराब भट्टी से बगल वाली गली से अन्दर गली में पंहुंची और वांछित अभियुक्त शहनवाज के घर का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा उसकी पत्नी ने खोला। जैसे ही पुलिस टीम घर में घुसी तो मकान के अन्दर से छत में जाने वाली सीढियों में तेजी से भागने की आवाज सुनाई दी। पीछा कर छत पर पहुंचे तो शहनवाज अपनी छत में ममटी की दीवार के सहारे दीवार पर चिपक कर खड़ा था जिसे एसआई मनोज धौनी व कांस्टेबल संजय ने पकड़ लिया।शहनवाज की तलाशी लेने पर एयके पास से 14.84 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया शहनवाज पूर्व में धारा 8/21/60/29 एनडीपीएस एक्ट व 3/25 आर्म्स एक्ट, 109 बीएनएस व धारा 29 एनडीपीएस एक्ट में वांछित अभियुक्त है। सख्ती से पूछताछ करने पर शहनवाज ने बताया कि मैं स्मैक शरीफ उर्फ अनस से लाता हूँ, वह मिलक, रामपुर में रहता है। जब मुनाजिर पकड़ा गया था तब वहीं से स्मैक मंगवायी थी। मुनाजिर के पकड़े जाने के बाद मैंने स्मैक बेचनी बंद कर दी थी। जो स्मैक आज मेरे पास से मिली है यह स्मैक मैं कल गुलनाज पत्नी नदीम से अपने पीने के लिए लाया था। मैं कभी फरजाना से, कभी फैजान, अनुपम और कभी रिंकी से स्मैक लाता हूं। रिंकी को साजिया भी कहते हैं। मैं पहले स्मैक लेकर छोटे-छोटे बीड बना कर कुछ तो खुद बेचता हूं, कुछ मैंने लड़के रखे हैं।
पुलिस ने शहनवाज को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 8 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
