




काशीपुर ज्ञानार्थी कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि काशीपुर के प्रमुख उद्योगपति एवं KVS Group के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री देवेंद्र जिंदल रहे, जिनका पारंपरिक रूप से स्वागत कॉलेज के डायरेक्टर (अकादमिक्स) डॉ. मनोज मिश्रा द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके पश्चात सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने राष्ट्रगान गाकर भारत माता को नमन किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें नृत्य, गीत, समूह गान, मूक अभिनय एवं भाषण शामिल थे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण देशभक्ति झाँकी एवं ड्रामा प्रस्तुतिकरण रहा, जिसमें आज़ादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों – भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद एवं झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के जीवन पर आधारित मंचन प्रस्तुत किया गया।
मुख्य अतिथि श्री देवेंद्र जिंदल ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को राष्ट्र सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सजग रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आजादी केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं है, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने की शपथ लेने का अवसर भी है। उन्होंने ग्यानार्थी कॉलेज द्वारा छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
डॉ. मनोज मिश्रा ने कहा कि आज का युवा ही देश का भविष्य है, इसलिए उनमें देशभक्ति, अनुशासन और नैतिक शिक्षा का भाव आवश्यक है। उन्होंने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को कार्यक्रम की सफलता के लिए धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम् एवं लड्डू वितरण के साथ हुआ। पूरे परिसर में सजावट एवं देशभक्ति का उल्लासपूर्ण माहौल दिखाई दिया। इस अवसर पर ग्यानार्थी कॉलेज के समस्त निदेशक मंडल, फैकल्टी सदस्य एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
