February 15, 2026
Screenshot_20250821_150336_WhatsApp.jpg

काशीपुर। रेलवे स्टेशन के निकट स्थित मास्टर इंटरनेशनल स्कूल में आज जूडो ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों द्वारा पूरे वर्ष हासिल किए गए प्रशिक्षण का प्रभावशाली प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे और अपने बच्चों के आत्मविश्वास एवं अद्भुत कौशल को देख भावविभोर हो उठे।

कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल प्रबंधन द्वारा अतिथियों एवं अभिभावकों के स्वागत के साथ की गई। इसके बाद जूडो प्रशिक्षित बच्चों ने अपने प्रदर्शन से सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। छोटे-छोटे बच्चों द्वारा मार्बल की टाइलों को चुटकियों में तोड़ना और विभिन्न सेल्फ डिफेंस तकनीकों का जीवंत प्रदर्शन देखकर उपस्थित अभिभावकों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

इस अवसर पर विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती शिल्पी गर्ग ने कहा कि आज के समय में विशेषकर बच्चियों का आत्मनिर्भर होना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में पिछले कई वर्षों से सेल्फ डिफेंस के रूप में जूडो प्रशिक्षण की व्यवस्थित व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों के कौशल का प्रत्यक्ष अनुभव कराने का प्रयास किया जाता है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. गौरव गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि स्कूल के कई बच्चे जूडो में जिला एवं राज्य स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक जीतकर न सिर्फ विद्यालय बल्कि पूरे काशीपुर का नाम रोशन कर चुके हैं। उन्होंने बच्चों को प्रशिक्षण देने वाली अध्यापिका पूजा सिंह के प्रति भी आभार व्यक्त किया। साथ ही कहा कि यह सब अभिभावकों के सहयोग के बिना संभव नहीं हो पाता।

कार्यक्रम के अंत में सभी अभिभावकों ने बच्चों के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में विद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *