February 15, 2026
Screenshot_20250904_153050_Gallery.jpg

काशीपुर। राज्य सभा सांसद एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक व कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल वृहस्पतिवार को यहां नव चेतना कांग्रेस भवन में मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड प्रदेश में दैवीय आपदा से हुए नुकसान, 80 लोगों की मृत्यु व 100 से ज्यादा लापता लोगों के परिवार के प्रति कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे व संसदीय नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं सोनिया गांधी की ओर से शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की वर्किंग कमेटी ने अंदरूनी लोकतंत्र को और मजबूत बनाने के लिए ‘संगठन सृजन अभियान-2025’ के तहत संगठन को मजबूत करने के लिए यह अभियान चलाया है। यह अभियान गुजरात से स्वयं उनकी देखरेख में शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि झारखंड, ओडिशा और पंजाब में इसी तरह की संगठनात्मक गतिविधियां पहले ही शुरू हो चुकी हैं, जबकि मध्य प्रदेश, हरियाणा और गुजरात जैसे राज्यों ने इस प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस संरचना की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी जिला अध्यक्ष हैं, जो लोगों के साथ रोजाना संपर्क में रहते हैं। उन्होंने कहा, हमारा ध्यान जिला अध्यक्ष को ज्यादा जवाबदेह, बेहतर प्रशिक्षित और अपने जिले की प्रतिक्रिया सीधे आलाकमान तक पहुंचाने के लिए सशक्त बनाने पर है। उन्होंने बताया कि जिला अध्यक्षों का चयन सितंबर तक पूरा हो जाएगा और आगामी दिनों में कांग्रेस पर्यवेक्षक जिले भर के नेताओं, कार्यकर्ताओं और सामाजिक प्रतिनिधियों से मिलकर फीडबैक लेंगे। बाद में इसी प्रक्रिया को जिला और ब्लॉक समितियों के औपचारिक गठन के लिए आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे नेतृत्व का और अधिक विकेंद्रीकरण सुनिश्चित होगा। सहभागी नेतृत्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्री गोहिल ने कहा कि यह कोई चुनावी प्रक्रिया नहीं है, बल्कि फीडबैक पर आधारित चयन प्रक्रिया है, जहां हर इच्छुक व्यक्ति को हमसे आमने-सामने मिलने का मौका मिलेगा। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा ने पूरे देश में कांग्रेस में नई जान फूंक दी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने मोदी सरकार को जाति जनगणना की घोषणा करने के लिए मजबूर किया और आज उन्हें बिहार के लोगों का अपार स्नेह मिल रहा है। हमारा मिशन इस ऊर्जा को पंजाब के हर ब्लॉक और हर जिले तक पहुंचाना है। उन्होंने दोहराया कि संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य जिला नेतृत्व को सशक्त बनाना, जवाबदेही सुनिश्चित करना और लोगों से सीधे संपर्क के माध्यम से जमीनी स्तर पर कांग्रेस को मजबूत करना है। इस दौरान हरिद्वार के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी वीरेन्द्र रावत, महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ज्योति रौतेला एवं दीवान सिंह तोमर भी उपस्थित थे।‌ वहीं, श्री गोहिल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात कर उनके विचारों को प्रमुखता से सुना। यहां कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन, वरिष्ठ कांग्रेसी अरुण चौहान, महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष पूजा सिंह, गौरव अरोरा, डॉ दीपिका गुड़िया आत्रेय, अलका पाल,रोशनी बेगम, इन्दू मान, अनुपम शर्मा, संदीप सहगल, मनोज अग्रवाल, जितेंद्र सरस्वती, शिवम शर्मा, अर्पित मेहरोत्रा, मंसूर अली मंसूरी, आदि कांग्रेसी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *