


ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में रविवार की देर रात मौहल्ला अल्लीखां में निकाले जा रहे एक जुलूस के दौरान अचानक स्थिति बिगड़ गई। पुलिस के समझाने पर उपद्रवी युवकों ने पुलिस के साथ ही अभद्रता शुरू कर दी और पुलिस की गाड़ी पर ही पत्थर मारकर गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठी फटकार कर भीड़ को खदेड़ दिया। इसके बाद काशीपुर तथा आसपास के क्षेत्र के पुलिस बल को बुला लिया गया और वीडियो के आधार पर धरपकड़ शुरू कर दी है। दरअसल काशीपुर के मोहल्ला अल्ली खां मुस्लिम समाज के सैकड़ों युवक आई लव मोहम्मद की तख्तियां लेकर जुलूस निकाल रहे थे। इसी बीच माहौल में अराजकता फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर डायल 112 की पुलिस गाड़ी पहुंची, लेकिन उपद्रवियों ने उस पर पथराव कर दिया। पत्थर लगने से गाड़ी का आगे का शीशा चकनाचूर हो गया। सूत्रों के अनुसार पुलिस के समझाने का प्रयास करने पर उपद्रवी युवकों और पुलिस में झड़प हो गई। इसमें एक सिपाही घायल हो गया। स्थिति बिगड़ने पर कोतवाली को सूचना दी गई, जिसके बाद सीओ दीपक सिंह के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठी फटकारनी पड़ी। लाठीचार्ज के बाद युवक इधर-उधर भाग खड़े हुए। फिलहाल मौहल्ले में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। काशीपुर तथा आसपास के थाना क्षेत्रों से पुलिस बल बुलाकर तैनात कर दिया गया है ताकि दोबारा स्थिति न बिगड़े। एसपी अभय सिंह ने बताया कि नदीम अख्तर नामक युवक के द्वारा एक जुलूस बिना प्रशासनिक अनुमति के निकाला गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित युवकों की पहचान कर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को किसी भी सूरत में बिगड़ने नहीं दिया जाएगा।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
