April 1, 2026
IMG-20250923-WA0030.jpg

काशीपुर। शिक्षा जगत के लिए यह गर्व और सम्मान का क्षण है कि मास्टर इंटरनेशनल स्कूल की प्रबंधिका श्रीमती शिल्पी गर्ग एवं प्रधानाचार्य डॉ. गौरव गर्ग को दिल्ली स्थित इथोपिया दूतावास में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान “एक्सीलेंस इन टीचिंग एंड लीडरशिप अवॉर्ड” से नवाज़ा गया।
डॉ. गौरव गर्ग ने वर्षों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, डिजिटल लर्निंग और नवाचार आधारित शिक्षा को विद्यालय में लागू कर शिक्षा को नई दिशा दी है। वहीं, विद्यालय की प्रबंधिका श्रीमती शिल्पी गर्ग ने शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के नैतिक, सांस्कृतिक और सामाजिक मूल्यों को मज़बूती से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस अवॉर्ड समारोह में देश-विदेश से आए प्रतिष्ठित शिक्षाविद, प्रोफेसर और गणमान्य व्यक्तित्व उपस्थित रहे। इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों में शिक्षा को नई दिशा देने वाले शिक्षाविदों को सम्मानित किया गया।
डॉ. गौरव गर्ग को एक्सीलेंस इन कंटीन्यूअस प्रोफेशनल डेवलपमेंट फॉर टीचर्स और श्रीमती शिल्पी गर्ग को एक्सीलेंस इन एग्जीक्यूटिंग सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स की श्रेणी से स्मृति चिन्ह और सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. गौरव गर्ग ने कहा—> “यह अवॉर्ड सिर्फ मेरा व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि मास्टर इंटरनेशनल स्कूल परिवार का है। शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि अच्छे नागरिक तैयार करना है।”
उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में विद्यालय में ए.आई., रोबोटिक्स और साइबर सिक्योरिटी जैसे विषयों को बढ़ावा देंगे और ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाने का प्रयास करेंगे।
विद्यालय की प्रबंधिका श्रीमती शिल्पी गर्ग ने इस अवसर पर कहा—

“यह सम्मान हमारे पूरे विद्यालय परिवार की मेहनत और प्रतिबद्धता का परिणाम है। शिक्षा केवल अकादमिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार और समाजसेवा से भी जुड़ी है। मास्टर इंटरनेशनल स्कूल सदैव इसी दिशा में कार्य करता रहेगा।”

श्रीमती गर्ग ने विशेष रूप से विद्यालय में लड़कियों की शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर ज़ोर दिया।
इस सम्मान को लेकर पूरे विद्यालय के शिक्षगढ़ और सभी अभिभावकों में खुशी की लहर है। अभिभावकों और स्थानीय संगठनों ने इसे शहर के लिए गर्व की बात बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि काशीपुर को राष्ट्रीय शिक्षा मानचित्र पर नई पहचान दिलाती है।
डॉ. गौरव गर्ग और श्रीमती शिल्पी गर्ग का “एक्सीलेंस इन टीचिंग एंड लीडरशिप अवॉर्ड” से सम्मानित होना शिक्षा क्षेत्र में उनकी दूरदर्शिता, समर्पण और अथक प्रयासों का प्रतीक है। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय परिवार के लिए, बल्कि पूरे काशीपुर और उत्तराखंड के लिए भी गौरव का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!