काशीपुर। गुरु द्रोणाचार्य की ऐतिहासिक कर्मभूमि काशीपुर एक बार फिर से अपने गौरवशाली अतीत को पुनर्जीवित करने जा रही है। सदियों पूर्व इसी पवित्र भूमि पर गुरु द्रोणाचार्य ने अपने शिष्य अर्जुन को तीरंदाजी की शिक्षा दी थी, और अब वही काशीपुर पुनः तीरंदाजी के केंद्र के रूप में उभरने जा रहा है।
काशीपुर डेवलपमेंट फोरम (KDF) के तत्वाधान में तथा उत्तराखंड तीरंदाजी संघ, देहरादून के सहयोग से
“उत्तराखंड राज्य तीरंदाजी चयन प्रतियोगिता – 2025”
का आयोजन आगामी 15 एवं 16 नवम्बर 2025 को
लिटिल स्कॉलर स्कूल, रामनगर रोड, काशीपुर में किया जा रहा है।
यह प्रतियोगिता राष्ट्रीय खेलों (National Games) में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने वाली राज्य टीम के चयन हेतु आयोजित की जा रही है। इस आयोजन में उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों — देहरादून, हल्द्वानी, हरिद्वार, पिथौरागढ़, कोटद्वार, रानीखेत आदि से लगभग सौ से अधिक प्रतिभाशाली तीरंदाज भाग लेंगे।
कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह का आयोजन 15 नवम्बर को प्रातः 10:00 बजे तथा
पुरस्कार वितरण समारोह 16 नवम्बर को दोपहर 3:00 बजे आयोजित होगा।
यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि काशीपुर की उस महान परंपरा का पुनर्जागरण है जहाँ शौर्य, अनुशासन और एकाग्रता जैसे गुण अर्जुन की तरह नए युवा तीरंदाजों में विकसित किए जा रहे हैं।
इस आयोजन को KDF के संस्थापक ट्रस्टी स्वर्गीय डॉ. रवि सिंघल जी की स्मृति को समर्पित किया गया है, जिनकी प्रेरणा से काशीपुर में तीरंदाजी खेल की नींव रखी गई थी।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. चक्रेश कुमार जैन ने बताया कि इस प्रतियोगिता से न केवल राज्य के खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी राष्ट्रीय स्तर के तीरंदाजों से सीखने का अवसर प्राप्त होगा।
KDF अध्यक्ष श्री राजीव घई ने कहा —
“हमारा संकल्प है कि काशीपुर के हर विद्यालय से एक नया ‘अर्जुन’ तैयार हो, जो आने वाले वर्षों में भारत का नाम ओलंपिक मंच पर रोशन करे। यह आयोजन काशीपुर की नई पहचान बनेगा — विद्या और तीरंदाजी की नगरी।”
काशीपुर डेवलपमेंट फोरम ने नगर के सभी विद्यालयों, संस्थाओं और नागरिकों से इस ऐतिहासिक आयोजन में सहभागिता का आह्वान किया है।
यह आयोजन निश्चित रूप से काशीपुर के खेल इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ने जा रहा है

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
