



काशीपुर। कृषि उत्पादन मंडी समिति में मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. विकेश कुमार सिंह यादव की अध्यक्षता में बैठक हुई। किसान और आढ़तियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बैठक में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने ग्रीष्मकालीन धान की फसल के विकल्प में मक्का, मूंग को उगाए जाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया।
केवीके के वैज्ञानिक डॉ. शिव शर्मा और डॉ. प्रतिभा सिंह ने गर्मी के मौसम में धान के विकल्प में मक्का, मूंग उगाने में क्या-क्या समस्याएं आती हैं और मंडी में आढ़तियों को मक्का खरीदने में क्या-क्या समस्याएं आती हैं, इस पर चर्चा की। कृषक प्रतिनिधियों ने कहा कि उन्हें धान के स्थान पर मक्का उत्पादन में कोई समस्या नहीं है लेकिन मक्का बिक्री की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए क्योंकि मक्का भंडारण की उनके पास कोई व्यवस्था नहीं है।
व्यापारी प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि क्रय की गई मक्का औद्योगिक इकाइयों की ओर से उचित दर पर क्रय करने का आश्वासन मिल जाए तो वे मक्का क्रय कर सकते हैं। मुख्य कृषि अधिकारी ने कृषकों और व्यापारियों की समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कृषकों से कहा कि जो किसान गर्मी के मौसम में धान की फसल लगाएंगे उनके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी काशीपुर डॉ. कल्याण सिंह, सचिव मंडी समिति काशीपुर योगेश तिवारी, अनाज व्यापारी पराग अग्रवाल, कृषक कुलविंदर सिंह, बलकार सिंह आदि थे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
