काशीपुर। बदहाल हो चुके रोडवेज बस डिपो पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हरीश कुमार सिंह एडवोकेट ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से इस ओर ध्यान देने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी द्वारा जनता की दिन प्रतिदिन की आवश्यकता को दृष्टिगत रखते हुए 80 के दशक में काशीपुर में रोडवेज बस डिपो स्थापित किया गया था, जहां से देश के विभिन्न स्थानों के लिए बसें जाती थीं। आज यह बस डिपो अपनी बेहाली पर आंसू बहा रहा है। बस डिपो से गंतव्य को जाने वाले यात्रियों को घंटों बस डिपो पर बैठकर बस का इंतजार करने के बाद पता चलता है कि बस तो अन्य स्थान यानि टांडा तिराहा या स्टेडियम के पास से निकल गई। बस डिपो में रात को चारों ओर अंधेरा छाया रहता है। वाशरूम का बुरा हाल है। कैंटीन बन्द हो गई है। बस डिपो का मैदान अपनी बेहाली खुद बयां कर रहा है। काशीपुर में 22 साल से भाजपा के विधायक के साथ ही भाजपा के सांसद हैं। नगर निगम पर भाजपा का एकाधिकार होने के साथ ही प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद प्रदेश में अपना विशिष्ट स्थान रखने वाला काशीपुर रोडवेज बस डिपो अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। उन्होंने क्षेत्रीय प्रतिनिधियों से आग्रह किया है कि इस ओर ध्यान देकर व्यवस्था में सुधार लाने के प्रयास करें क्योंकि आम जनता बसों से ही सफर करती है।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
