April 1, 2026
Screenshot_20251226_193951_WhatsAppBusiness.jpg

काशीपुर। 26 दिसंबर को प्रतिवर्ष मनाए जाने वाले वीर बाल दिवस के अवसर पर जागृति पब्लिक स्कूल, काशीपुर में एक भव्य एवं प्रेरणास्पद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को वीरता, त्याग और नैतिक मूल्यों का महत्व समझाया गया। वीर बाल दिवस गुरु गोबिंद सिंह जी के चार साहिबज़ादों के अद्वितीय साहस और बलिदान की स्मृति में मनाया जाता है। कार्यक्रम का संचालन फायजा मैम द्वारा प्रभावशाली एंकरिंग के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के प्रबंधक कौशल किशोर पंत जी ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।

अपने विस्तृत एवं भावपूर्ण संबोधन में प्रबंधक कौशल किशोर पंत जी ने वीर बाल दिवस के ऐतिहासिक और नैतिक महत्व पर गहराई से प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिवस केवल इतिहास को याद करने का नहीं, बल्कि उससे सीख लेकर जीवन में उतारने का अवसर है। उन्होंने गुरु गोबिंद सिंह जी के चार साहिबज़ादों — साहिबज़ादा अजीत सिंह, जुझार सिंह, ज़ोरावर सिंह और फ़तेह सिंह के अद्वितीय साहस और बलिदान का उल्लेख करते हुए बताया कि किस प्रकार अत्याचार, लालच और भय के सामने झुकने के बजाय उन्होंने सत्य और धर्म का मार्ग चुना।

प्रबंधक पंत जी ने विशेष रूप से छोटे साहिबज़ादों ज़ोरावर सिंह और फ़तेह सिंह का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों को गहराई से समझाया कि साहस उम्र का मोहताज नहीं होता, बल्कि यह अच्छे संस्कार और मजबूत सोच से जन्म लेता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में वीरता का अर्थ हथियार उठाना नहीं, बल्कि सच्चाई के मार्ग पर चलना, अन्याय के सामने डटे रहना, अनुशासन, ईमानदारी और परिश्रम को अपनाना ही सच्ची वीरता है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में खालसा फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री जगमोहन सिंह जी ने विद्यार्थियों को वीर बाल दिवस के महत्व पर विस्तृत रूप से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को सरल भाषा में समझाते हुए कहा कि वीरता केवल युद्धभूमि तक सीमित नहीं होती, बल्कि सच्चाई, सेवा, अनुशासन और आत्मसम्मान के साथ जीवन जीना भी वीरता का ही रूप है। उन्होंने बच्चों से नशे, हिंसा और गलत संगति से दूर रहने तथा अच्छे विचारों और संस्कारों को अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम में अंजलि शर्मा मैम ने वीर बाल दिवस विषय पर अंग्रेज़ी भाषा में प्रेरणादायक भाषण दिया, वहीं जया पंत मैम ने भी अपने संबोधन के माध्यम से बच्चों को नैतिक साहस और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। इसके साथ ही कक्षा 7 की छात्रा समृद्धि द्वारा वीर बाल दिवस पर आधारित एक कविता प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं श्रोताओं ने खूब सराहा।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में काशीपुर नगर मंडल अध्यक्ष श्री मानवेन्द्र मानस जी, श्री कैलाश प्रजापति जी, श्री राजकुमार जी, भाजपा कोषाध्यक्ष श्री धीरज वर्मा जी, भाजपा उपाध्यक्ष श्री दीपक अग्रवाल जी एवं श्री अनूप जी उपस्थित रहे। अतिथियों ने वीर बाल दिवस को बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती बबीता पंत जी, समस्त शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों व शिक्षकों का आभार व्यक्त किया गया, वहीं मुख्य वक्ता खालसा फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री जगमोहन सिंह जी के प्रति विशेष आभार प्रकट किया गया। कार्यक्रम का समापन वीरता, देशभक्ति और संस्कारों के संदेश के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!