February 15, 2026
Screenshot_20231003_181429_Samsung-Internet.jpg

काशीपुर। नव वर्ष को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। काशीपुर समेत पूरे क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को निर्देशित किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग कर ड्रंक एंड ड्राइव, हुड़दंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गये। एसपी स्वप्न किशोर सिंह ने स्पष्ट कहा कि यूनिफॉर्म की गरिमा सर्वोपरि है और किसी भी परिस्थिति में पुलिसकर्मी उसकी मर्यादा से समझौता नहीं करेंगे। टांडा चौराहे पर जवानों को निर्देश देते एसपी ने कहा कि पुलिस बल एक मजबूत जंजीर है, इसकी मजबूती हर जवान की जिम्मेदारी पर निर्भर करती है। कोई भी कमजोर कड़ी नहीं बनेगा, तभी उत्तराखंड पुलिस का गौरव और सम्मान बना रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ अनिवार्य रूप से चालानी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर वाहन को सड़क से हटवाकर थाने में खड़ा कराया जाएगा और चालक को सुरक्षित उसके घर भिजवाया जाएगा, ताकि उसकी और अन्य लोगों की जान सुरक्षित रह सके। वाहन तभी रिलीज किया जाएगा, जब चालक पूरी तरह होश में हो या उसके परिजन उसे लेने आएं। यह भी निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में ईगो को बीच में न लाया जाए। पुलिस का उद्देश्य दंड देना नहीं बल्कि लोगों की जान बचाना और उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाना है। आम जनता के साथ शालीन व्यवहार और भाषिक मर्यादा बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
ब्रीफिंग में यह भी बताया गया कि नव वर्ष के अवसर पर होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट और रिसॉर्ट्स सहित सभी सार्वजनिक स्थानों पर आयोजन कानून के दायरे में ही होंगे। पर्यटकों पर विशेष नजर रखी जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी व्यक्ति नशे की हालत में वाहन न चलाए या नशीली सामग्री का अवैध परिवहन न करे। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नव वर्ष का उत्सव जिम्मेदारी के साथ मनाएं, नशे में वाहन न चलाएं और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें, ताकि नया साल सभी के लिए खुशियों और कुशलता से आरंभ हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *