काशीपुर। महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती पूजा सिंह ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में कराए जाने एवं इस विषय में उत्तराखंड सरकार द्वारा भारत सरकार को भेजे गए प्रतिवेदन को सार्वजनिक न किए जाने पर आगामी कल 11 जनवरी को सभी विपक्षी दलों द्वारा सार्वजनिक रूप से किये गये “उत्तराखंड बंद” के आह्वान का कांग्रेस हाईकमान के निर्देशानुसार काशीपुर महानगर महिला कांग्रेस द्वारा भी पूर्ण समर्थन किया गया है। काशीपुर वासियों से इस शांतिपूर्ण बंद में सहयोग का आग्रह करते हुए श्रीमती पूजा सिंह ने कहा कि हमारी मांग है कि इस मामले में वीआईपी एंगल की स्वतंत्र जांच हो। सबूत नष्ट करने के आदेश देने वालों और सबूत नष्ट करने वाली विधायक पर भी कार्रवाई हो।
महिला कार्य स्थलों पर सुरक्षा कानूनों का सख्ती से अनुपालन हो।
राजनीतिक संरक्षण देने वालों की जवाबदेही तय हो। भविष्य में ऐसे मामलों के लिए स्वतंत्र जांच तंत्र अनिवार्य हो।
सीबीआई निष्पक्षता के साथ बिना दबाव के 6 महीने में इस बहुचर्चित केस को अंजाम तक ले जाए। साथ ही सवाल उठाये कि अंकिता के पिता अजय कुमार और दुष्यंत कुमार का लगातार नाम ले रहे हैं, लेकिन ये लोग कहां हैं, क्या एसआईटी ने इनसे पूछताछ की? बिना न्यायिक आदेश के स्थानीय भाजपा विधायक द्वारा रिजॉर्ट पर बुलडोजर क्यों चलाया गया? एसआईटी के द्वारा वीआईपी की पहचान सार्वजनिक क्यों नहीं की गई? क्या एसआईटी की पूरी जांच में किसी वीआईपी का नाम आया, अगर आया तो कौन था, अगर वीआईपी शामिल नहीं था तो इसका खंडन क्यों नहीं किया गया?
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बेहद गंभीर काशीपुर महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती पूजा सिंह ने सरकार से सवाल किया कि क्या महिला सुरक्षा योजनाएं सत्ता संरक्षित संस्थाओं पर लागू नहीं होती हैं और क्या गरीब परिवार के बेटी का जीवन कम मूल्यवान है? उन्होंने कहा कि क्या गारंटी है कि इस मामले में आरोपी जेल से रिहा नहीं होंगे और सबूत नष्ट करने वालों पर एक्शन कब होगा? उन्होंने जानना चाहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में आखिर कौन से राजनीतिक लोग संरक्षण देने का काम कर रहे हैं? श्रीमती पूजा सिंह ने कहा कि भाजपा के लोग नैतिकता दिखाएं और मामले से जुड़े अपराधियों को न्याय प्रक्रिया से दूर रखें, ताकि निष्पक्षता के साथ कार्रवाई हो सके और अंकिता भंडारी को न्याय मिल सके।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच तभी भरोसेमंद होगी जब वह माननीय न्यायाधीश की निगरानी में हो, यही आवाज़ कांग्रेस पार्टी के साथ ही पूरे प्रदेश की जनता और अंकिता के माता-पिता लगातार उठाते आ रहे हैं। पूजा सिंह ने कहा कि न्याय केवल काग़ज़ों में नहीं, ज़मीन पर दिखना चाहिए। उन्होंने आम जनमानस से आगामी कल 11 जनवरी को आहूत “उत्तराखंड बंद” को पूर्णत: सफल बनाने का आह्वान किया है।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
