काशीपुर। पैगा क्षेत्र के किसान सुखवंत सिंह द्वारा हल्द्वानी के होटल में गोली मारकर आत्महत्या किये जाने की घटना को अत्यंत दु:खद बताते हुए महानगर महिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्रीमती पूजा सिंह ने किसान सुखवंत की दर्दनाक मृत्यु पर शोक संवेदना व्यक्त की है। पूजा सिंह ने इस घटना को भाजपा सरकार के कुशासन और पुलिस तंत्र की बड़ी विफलता करार दिया। कांग्रेस नेत्री ने कहा कि उत्तराखंड में जमीन की खरीद-फरोख्त से जुड़े धोखाधड़ी के मामले कोई नई बात नहीं हैं। ऐसे मामले समय-समय पर सामने आते रहे हैं, जिनमें आमतौर पर रसूखदारों के नाम उभरते हैं। किसान सुखवंत सिंह भी इसी उम्मीद के साथ पुलिस प्रशासन के पास गया था कि कानून उसे न्याय दिलाएगा। आम नागरिक के रूप में यह उसका समझदारी भरा संवैधानिक कदम था।
लेकिन आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो में सुखवंत सिंह ने जिन हालातों का जिक्र किया, वे बेहद चिंताजनक हैं। उसने एसएसपी से लेकर थाना और चौकी प्रभारियों तक पर गंभीर आरोप लगाए। यदि उसके आरोपों में रत्ती भर भी सच्चाई है, तो यह केवल एक व्यक्ति की मौत का मामला नहीं रह जाता, बल्कि यह पूरे पुलिस तंत्र की कार्यप्रणाली और विश्वसनीयता पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। पूजा सिंह ने कहा कि सिस्टम की अनदेखी ने एक किसान की जान ले ली। सुखवंत द्वारा आत्महत्या कर लेना न केवल एक परिवार की व्यक्तिगत त्रासदी है, बल्कि यह घटना पूरे उत्तराखंड को झकझोर देने वाली है। किसान सुखवंत ने अपनी मौत से पहले वीडियो जारी कर पुलिस व्यवस्था पर जो आरोप लगाए, उसने मामले को और गंभीर बना दिया। पुरानी कहावत है कि मौत से पहले आदमी झूठ नहीं बोलता और आत्महत्या जैसा कदम चारों ओर से निराश और हताश होने के बाद ही उठाया जाता है। मुख्यमंत्री द्वारा मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश को नाकाफी बताते हुए महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि क्या गारंटी है कि इससे पीड़ित परिवार को न्याय मिल पाएगा और सिस्टम के भीतर की सच्चाई सामने आ सकेगी? उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किये जाने की मांग की है।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
