




काशीपुर। रामनगर रोड स्थित सोना फार्म्स इंडस्ट्री द्वारा युवराज सिंह फाउंडेशन (युवीकैन) की टीम के सहयोग से नि:शुल्क स्तन कैंसर जांच शिविर का आयोजन सोमवार को प्रातः 10:00 बजे से सोना फार्म्स इंडस्ट्री परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें महिलाओं को स्तन कैंसर के संबंध में जागरूक करते हुए उनका परीक्षण किया गया। इस दौरान युवीकैन टीम की डॉ. रितिका सिंह ने बताया गया कि “स्वस्थ महिला स्वस्थ भारत 2.0” परियोजना एक जागरूकता अभियान है, जिसका उद्देश्य स्तन कैंसर के प्रति महिलाओं को जागरूक करना और समय रहते इसकी पहचान के लिए उन्हें आवश्यक जानकारी व संसाधनों से सशक्त बनाना है। परियोजना का उद्देश्य महिलाओं की स्तन कैंसर की नि:शुल्क जांच, महिलाओं को स्वयं स्तन परीक्षण के बारे में जागरूक करते हुए जीवन रक्षक जानकारी प्रदान करना है। यह परियोजना भारत के 16 विभिन्न जिलों में लागू की जा चुकी है। परियोजना के मुख्य परिणामों की बात करें तो 50, 60 हजार से अधिक महिलाओं की जांच, त्वरित उपचार की आवश्यकता वाले संभावित मामलों की पहचान, स्वयं स्तन परीक्षण के बारे में महिलाओं को जागरूक एवं सशक्त बनाना शामिल हैं। यह परियोजना Xiaomi India और YouWeCan के सहयोग से संचालित की जा रही है। युवराज सिंह भी इस अभियान से जुड़े रहे हैं और उन्होंने इस बीमारी से लड़ने के अपने दृष्टिकोण को साझा किया है। अभी तक पूरे भारत में युवराज सिंह फाउंडेशन (युवीकैन) द्वारा 2 लाख और उधम सिंह नगर में 13 हजार महिलाओं की स्तन कैंसर की जांच निशुल्क की गई और करीब 300 महिलाएं उधम सिंह नगर में संदिग्ध पाई गईं। युवीकैन टीम की डॉ. रितिका सिंह ने बताया कि आज टीम द्वारा पांच दर्जन से अधिक महिलाओं की जांच की गई, इनमें से एक महिला संदिग्ध पाई गई , जिसकी आगे भी नि: शुल्क जांच कराई जाएगी और मुफ्त उपचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उनकी टीम उधमसिंहनगर जनपद में कैंप लगाती आ रही है। काशीपुर में टीम द्वारा कैंप लगाया गया है। उन्होंने बताया कि टीम एलडी भट्ट राजकीय चिकित्सालय के कमरा नंबर-17 में उनकी टीम प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को बैठकर नि:शुल्क जांच करती है। उन्होंने शिविर के आयोजन हेतु सोना फॉर्म के प्रबंधक मोहित उपाध्याय का आभार जताया। वहीं, सोना फॉर्म के प्रबंधक मोहित उपाध्याय ने युवराज सिंह फाउंडेशन (युवीकैन) की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सोना फॉर्म भविष्य में भी स्वास्थ्य की दृष्टि से जनहितकारी शिविर आयोजित करने कै प्रतिबद्ध है।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
