




काशीपुर। रामनगर रोड स्थित रामलीला ग्राउंड में भारत विकास परिषद देवभूमि शाखा के तत्वावधान में मकर संक्रान्ति पर आयोजित “उत्तराखंड हाट” का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक त्रिलोक सिंह चीमा एवं महापौर दीपक बाली की पत्नी श्रीमती उर्वशी दत्त बाली ने फीताकाट कर एवं दीप प्रज्वलित कर विधिवत किया। इससे पूर्व देवभूमि शाखा द्वारा मुख्य अतिथि विधायक चीमा समेत अतिथियों को पिछौरा पहनाकर स्वागत किया गया। देवभूमि शाखा अध्यक्षा डा. शिखा चौहान ने बताया कि महिलाओं के अंदर के छुपी प्रतिभा और हुनर को जागृत करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मेले का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि मेले में दिल्ली, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर व चंदौसी समेत स्थानीय लोगों ने हस्त निर्मित वस्तुओं, स्थानीय उत्पादों कपड़ों, लेडीज सूटों, ज्वैलरी, पर्स, समेत खाने-पीने के पचास से अधिक स्टाल लगाकर लोक संस्कृति का जीता-जागता उदाहरण प्रस्तुत किया। मेले में नगर निगम की ओर ‘नई उड़ान’ एनजीओ द्वारा स्टाल लगाया गया। एनजीओ अध्यक्षा फहमीदा ने भारत विकास परिषद देवभूमि शाखा एवं महापौर दीपक बाली का आभार व्यक्त करते हुए अपने स्टाल पर उपलब्ध उत्पादों की विशेषताओं से अवगत कराया। वहीं, “ख्वाहिश” एनजीओ संचालक आयुषी नागर की ओर से भी यहां स्टाल लगाया गया। स्टाल पर मौजूद वैष्णवी ने एनजीओ के बारे में बारीकी से बताते हुए भारत परिषद देवभूमि शाखा का आभार जताया। मुख्य अतिथि विधायक चीमा ने देवभूमि शाखा के पदाधिकारियों को मेले के सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेले में महिलाओं द्वारा हस्त निर्मित उत्पादों के स्टाल प्रशंसनीय हैं। निश्चित रूप से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मेक इन इंडिया के अभियान में अवश्य बल मिलेगा। वहीं उर्वशी दत्त बाली ने पदाधिकारियों के साथ मेले में सुसज्जित दुकानों का भ्रमण करते हुए उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना की, साथ ही आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। शाखा अध्यक्ष डा. शिखा चौहान ने कहा कि “उत्तराखंड हाट” आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर व स्वावलंबी बनाने हेतु आर्थिक रूप से सशक्त, स्वरोजगार व सामाजिक निर्माण में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना है। वहीं, सचिव अनुजा अग्रवाल ने बताया कि मेले में हर एक घंटे में लकी ड्रा निकाले गए। वहीं, भारत विकास परिषद पुरुष शाखा पदाधिकारियों ने मेले में पहुंचकर देवभूमि शाखा पदाधिकारियों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान पूर्व महापौर ऊषा चौधरी, कविता खुराना, दीपिका अग्रवाल, दीप्ति गुप्ता, अर्चना सिंह, एकता बंसल, गरिमा जैन, अंजलि अग्रवाल, नीलम अग्रवाल, गीता जायसवाल, क्षेत्रीय सचिव संपर्क अजय विश्नोई, विमल गुड़िया, डा. मनीष अग्रवाल, उदयराज हिन्दू इंटर कालेज के प्रधानाचार्य बृजेश कुमार गुप्ता, चार्टेड डॉ. विनय जैन, पंकज अग्रवाल, अनुज बंसल, आरके सिंह कौशलेश गुप्ता व विकल्प गुड़िया समेत अनेक अतिथिगण मौजूद रहे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
