





KDF ने वाइस चेयरमैन, उधमसिंह नगर विकास प्राधिकरण को सौंपा ज्ञापन, खिलाड़ियों के परिजन भी रहे उपस्थित
काशीपुर, 22 जनवरी 2026
काशीपुर डेवलपमेंट फोरम (KDF) पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आज द्रोणासागर, काशीपुर क्षेत्र में स्थित उपेक्षित एवं जंगलबानी भूमि को धनुविधा (Archery) प्रशिक्षण केन्द्र के रूप में विकसित किए जाने की मांग को लेकर माननीय श्री जय कृष्ण, IAS, वाइस चेयरमैन, उधमसिंह नगर विकास प्राधिकरण को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया।
KDF के प्रतिनिधियों ने अवगत कराया कि द्रोणासागर क्षेत्र ऐतिहासिक, पौराणिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जो महर्षि द्रोणाचार्य की धनुविधा परम्परा से जुड़ा हुआ माना जाता है। दुर्भाग्यवश वर्तमान में इस क्षेत्र का एक बड़ा भाग उपेक्षा के कारण जंगलनुमा हो चुका है, जिससे असामाजिक तत्वों द्वारा इसके दुरुपयोग की संभावनाएँ भी बनी रहती हैं।
KDF ने बताया कि संस्था द्वारा वर्तमान में लगभग 50 बच्चों को धनुविधा का नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है, किंतु मानक प्रशिक्षण हेतु आवश्यक 60 मीटर की दूरी उपलब्ध न होने के कारण बच्चों का समुचित एवं वैज्ञानिक प्रशिक्षण संभव नहीं हो पा रहा है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में KDF द्वारा कुमाऊँ मंडल में पहली बार राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता–2025 (उत्तराखंड राज्य टीम चयन हेतु) का सफल आयोजन भी किया गया, जिससे क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का अवसर मिला।
प्रस्तावित स्थल टाट वाले बाबा के आश्रम एवं डमरू वाले बाबा के मंदिर के मध्य स्थित रिक्त भूमि है, जो वर्तमान में निगरानी के अभाव में जंगलबानी रूप ले चुकी है। इस भूमि को धनुविधा प्रशिक्षण केन्द्र के रूप में विकसित करने से न केवल भूमि का सकारात्मक एवं सुरक्षित उपयोग होगा, बल्कि द्रोणासागर क्षेत्र की पौराणिक धनुविधा परम्परा को भी पुनः स्थापित किया जा सकेगा।
इस अवसर पर समस्त प्रतिभागी खिलाड़ियों के परिजन भी KDF पार्क, काशीपुर में उपस्थित रहे और सभी ने एक स्वर में बच्चों के भविष्य, खेल विकास एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
KDF की ओर से माननीय वाइस चेयरमैन से अनुरोध किया गया कि उक्त भूमि को प्रशिक्षण हेतु अस्थायी/दीर्घकालिक रूप से उपलब्ध कराने, आवश्यक अनुमतियाँ प्रदान करने तथा स्थल निरीक्षण कर शीघ्र निर्णय सुनिश्चित किया जाए। साथ ही KDF पार्क में आकर खिलाड़ियों व अभिभावकों से संवाद करने का भी सादर आमंत्रण दिया गया।
KDF ने विश्वास व्यक्त किया कि विकास प्राधिकरण के सकारात्मक सहयोग से यह जनहितकारी पहल शीघ्र साकार होगी और काशीपुर नगर को खेल के क्षेत्र में एक नई पहचान प्राप्त होगी।
⸻
जारीकर्ता:
काशीपुर डेवलपमेंट फोरम (KDF)
पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट, काशीपुर

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
