February 15, 2026
Screenshot_20260130_202858_WhatsApp.jpg

काशीपुर। ज्ञानार्थी कॉलेज परिसर में आयोजित वार्षिक कला प्रदर्शनी ‘दृश्यकथा 3.0’ ने विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच, कलात्मक उत्कृष्टता और कल्पनाशील अभिव्यक्ति को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। आज प्रातः 9 बजे से आरंभ हुई इस प्रदर्शनी में फाइन आर्ट्स, फैशन डिजाइन, एनिमेशन और विजुअल आर्ट्स के विद्यार्थियों की कृतियों ने आगंतुकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रदर्शनी का शुभारंभ विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने किया। प्रदर्शनी में वेस्ट फैब्रिक से तैयार किए गए सस्टेनेबल फैब्रिक डिज़ाइन, हैंडमेड वस्त्र, ऑयल एंड कैनवास पर बनी पेंटिंग्स, भारतीय पारंपरिक कला शैलियों पर आधारित चित्र, पहाड़ी संस्कृति को दर्शाते पिछौड़ा जैसे कलात्मक परिधान तथा आधुनिक थीम पर आधारित रचनाएँ आकर्षण का केंद्र रहीं। विद्यार्थियों ने अपनी कृतियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, पुस्तक प्रेम, संस्कृति और समकालीन सामाजिक विषयों को प्रभावशाली ढंग से उकेरा। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों और दर्शकों ने विद्यार्थियों की कलात्मक दक्षता की सराहना करते हुए कहा कि कई कृतियां इतनी जीवंत हैं, मानो वे बोल उठेंगी। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मोबाइल से दूर रखकर पुस्तकों और ज्ञान की ओर प्रेरित करना रहा, ताकि उनकी सोच, नैतिक मूल्यों और व्यक्तित्व का समग्र विकास हो सके।
ज्ञानार्थी कॉलेज के अध्यक्ष संतोष मेहरोत्रा ने बताया कि दृश्यकथा 3.0 केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के हुनर को मंच देने और उन्हें भविष्य के लिए आत्मविश्वास प्रदान करने का सशक्त प्रयास है। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कॉलेज के इस रचनात्मक आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *