February 18, 2026

काशीपुर स्थित जागृति पब्लिक स्कूल में ‘बाल ज्ञान महोत्सव’ के अंतर्गत भव्य शैक्षिक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. यशपाल रावत (चामुंडा अस्पताल, काशीपुर) द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर विशेष अतिथि वीरेंद्र चौधरी उदयराज हिन्दू इंटर कालेज के पूर्व प्रधानाचार्य श्री एल.पी. गहतोड़ी, कवि एवं शिक्षा वक्ता श्री संजय कुमार राजपूत, श्री संतोष मेहरोत्रा (ज्ञानार्थी), श्री गौरव गर्ग, श्रीमती शिल्पी गर्ग जी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में अभिभावक, पत्रकार बंधु एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। विद्यालय परिसर में प्रातःकाल से ही उत्साह, उल्लास एवं रचनात्मक ऊर्जा का वातावरण बना रहा।

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान, पर्यावरण अध्ययन, कंप्यूटर, संगीत, कला एवं तकनीकी विषयों से संबंधित आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक प्रतिरूप प्रस्तुत किए। जल संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा, प्रदूषण नियंत्रण, ग्रामीण विकास तथा आधुनिक प्रौद्योगिकी जैसे विषय विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ अपने-अपने प्रतिरूपों की कार्यप्रणाली समझाई तथा उपस्थित अतिथियों के प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर दिए।

कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के संचालक एवं प्रतिनिधि विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त कृष्णा पब्लिक कॉलेजिएट विद्यालय, हिमालयन पब्लिक विद्यालय, अर्पणा पब्लिक विद्यालय, विस्डम पब्लिक स्कूल, नैनी कॉन्वेंट स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुँचे। सभी ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और विद्यालय के प्रयासों की सराहना की।

विद्यालय की प्रधानाचार्या बबीता पंत ने अपने संबोधन में कहा कि ‘बाल ज्ञान महोत्सव’ विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करता है तथा उनके आत्मविश्वास को दृढ़ बनाता है।

विद्यालय के प्रबंधक कौशल किशोर पंत ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों, विभिन्न विद्यालयों से पधारे प्रधानाचार्यों, शिक्षकगण, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी के सहयोग और सहभागिता से ही यह आयोजन सफल हो सका है।

प्रदर्शनी में शैक्षिक प्रतिरूपों के साथ-साथ खेल क्षेत्र भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा, जहाँ विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं।

सफल आयोजन में समस्त शिक्षकगण, विद्यालय कर्मचारी एवं विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन सकारात्मक संदेश, उत्साह एवं प्रेरणादायक वातावरण के साथ संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *