April 10, 2026
Screenshot_20260410_204646_WhatsAppBusiness

काशीपुर। Kashipur Development Forum (KDF) द्वारा संचालित आर्चरी प्रशिक्षण केन्द्र एक बार फिर अपनी उपलब्धियों के कारण चर्चा में है। केन्द्र में 8 से 21 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जिसका परिणाम अब सामने आने लगा है।

KDF के ट्रस्टियों एवं प्रशिक्षकों के समर्पित प्रयासों का ही परिणाम है कि 6 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय खेलों के लिए उत्तराखंड टीम में हुआ है, जो काशीपुर के लिए अत्यंत गर्व का विषय है।

इसके अतिरिक्त, 7 खिलाड़ी हरियाणा के भिवानी में आयोजित होने जा रही राष्ट्रीय ओपन आर्चरी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना हो रहे हैं। ये खिलाड़ी आर्चरी कोच सूबेदार हेम चंद्र हरबोला के कुशल मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

उल्लेखनीय है कि पौराणिक धनुर्विद्या, जिसके लिए ऐतिहासिक द्रोणा सागर विख्यात रहा है, समय के साथ उपेक्षित हो गई थी। किंतु KDF के सतत प्रयासों से आज इसी क्षेत्र में 60 से अधिक खिलाड़ी आर्चरी का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की दिशा में अग्रसर हैं।

KDF ने काशीपुर के बुद्धिजीवियों एवं समाज के सभी वर्गों से अपील की है कि वे इन उभरती प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करें और इस प्राचीन खेल को पुनर्जीवित करने के प्रयासों में अपना सहयोग प्रदान करें।

साथ ही, द्रोणा सागर का वह क्षेत्र, जो वर्तमान में उपेक्षित होकर जंगल का रूप ले चुका है, यदि प्रशिक्षण हेतु विकसित किया जाए, तो यह खिलाड़ियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो सकता है।
राजीव घई
अध्यक्ष

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!