काशीपुर। पूर्व सांसद स्वर्गीय सत्येंद्र चंद्र गुड़िया की सोलहवीं पुण्यतिथि के अवसर पर पूरे क्षेत्र में उन्हें श्रद्धा और सम्मान के साथ याद किया गया। इस अवसर पर उनकी सुपुत्री दीपिका गुड़िया आत्रेय ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को विस्तार से याद किया। दीपिका गुड़िया आत्रेय ने कहा सत्येंद्र चंद्र गुड़िया केवल एक जनप्रतिनिधि ही नहीं, बल्कि एक संवेदनशील और दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने अपने जीवन का हर पल जनसेवा को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता का मानना था कि राजनीति केवल सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाने का सशक्त साधन है। उन्होंने बताया कि अपने कार्यकाल के दौरान स्वर्गीय श्री गुड़िया ने नैनीताल लोकसभा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण पहल कीं। उनके प्रयासों से कई दूरस्थ क्षेत्रों तक सड़क संपर्क स्थापित हुआ और शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला। गरीबों और वंचित वर्गों के लिए उनके द्वारा किए गए कार्य आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं। दीपिका ने भावुक होते हुए कहा कि उनके पिता का जीवन सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण था। उन्होंने हमेशा सिद्धांतों के साथ समझौता नहीं किया और जनहित को सर्वोपरि रखा। यही कारण है कि आज भी लोग उन्हें सम्मान और गर्व के साथ याद करते हैं।
उन्होंने कहा कि वह अपने पिता के आदर्शों और मूल्यों को अपने जीवन में उतारने का निरंतर प्रयास कर रही हैं और समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने युवाओं से भी आह्वान किया कि वे स्वर्गीय सत्येंद्र चंद्र गुड़िया के जीवन से प्रेरणा लें और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर क्षेत्र के कई सामाजिक, राजनीतिक और गणमान्य व्यक्तियों ने भी स्वर्गीय श्री गुड़िया को श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन जनसेवा की मिसाल है और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बना रहेगा। पुण्यतिथि के अवसर पर क्षेत्र के लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
