Screenshot_20260503_091143_Gallery

काशीपुर!रुद्रपुर की राजनीति में हाल ही में हुए बड़े घटनाक्रम के तहत पूर्व पालिका अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री मीना शर्मा द्वारा कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी का दामन थामने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। आगामी चुनावों के नजदीक आते ही प्रदेश की राजनीति में दल-बदल की गतिविधियां भी लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। हाल ही में रुद्रपुर के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल द्वारा कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद अब मीना शर्मा का भाजपा में शामिल होना सियासी समीकरणों में बदलाव के संकेत दे रहा है। मीना शर्मा ने रुद्रपुर शहर विधायक के साथ देहरादून पहुंचकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी मुलाकात की। इस राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर विभिन्न दलों की ओर से प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इस मामले में काशीपुर महिला कांग्रेस अध्यक्ष पूजा सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मीना शर्मा के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने से कांग्रेस संगठन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक मजबूत विचारधारा वाली पार्टी है, जहां नेता आते-जाते रहते हैं। किसी एक व्यक्ति के जाने से पार्टी की ताकत कम नहीं होती। यह उनका व्यक्तिगत निर्णय हो सकता है, लेकिन कांग्रेस अपने सिद्धांतों और जनहित के मुद्दों के साथ मजबूती से खड़ी है। पूजा सिंह ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने में जुटे हुए हैं और आगामी चुनावों में पार्टी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता कांग्रेस की नीतियों और कार्यशैली पर भरोसा जताएगी तथा आने वाले समय में प्रदेश में राजनीतिक परिवर्तन देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!