
काशीपुर। उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्य मंत्री बनने के बाद पहली बार अपने पुराने विद्यालय पहुँचीं सीमा चौहान भावुक नजर आईं। उन्होंने अपने बचपन की यादों को ताजा करते हुए राजकीय कन्या इंटर कॉलेज काशीपुर में छात्राओं और शिक्षकों के बीच अपने संघर्ष और सफलता की कहानी साझा की। विद्यालय पहुंचने पर प्रिंसिपल श्रीमती गीता जायसवाल एवं समस्त शिक्षकों द्वारा उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत और अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री सीमा चौहान ने कहा कि उन्होंने बचपन में एक सपना देखा था कि यदि जीवन में कभी किसी मुकाम तक पहुंची तो सबसे पहले अपने विद्यालय जरूर आएंगी। आज वह सपना पूरा हुआ है। उन्होंने बताया कि उन्होंने राजकीय कन्या इंटर कॉलेज काशीपुर से इंटरमीडिएट तक की शिक्षा प्राप्त की और इसी विद्यालय ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। छात्राओं को संबोधित करते हुए सीमा चौहान ने कहा कि शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है। हर छात्रा को अपने जीवन का लक्ष्य तय करना चाहिए और जब तक उस लक्ष्य को प्राप्त न कर लें तब तक रुकना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि ईमानदारी और आत्मविश्वास से हर सपना पूरा किया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वह स्वयं उनके सामने एक उदाहरण हैं कि मेहनत के बल पर बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है। उन्होंने सभी छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपना नाम रोशन कर रही हैं और शिक्षा ही उन्हें सशक्त बनाने का सबसे बड़ा माध्यम है। कार्यक्रम के अंत में सीमा चौहान ने विद्यालय की प्रिंसिपल श्रीमती गीता जायसवाल एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों का मार्गदर्शन ही विद्यार्थियों के भविष्य की मजबूत नींव तैयार करता है।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



