काशीपुर। समर स्टडी हॉल सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने सीबीएसई बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत परिणाम हासिल कर क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा को एक बार फिर साबित किया है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न संकायों में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर न केवल अपने अभिभावकों बल्कि विद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।विद्यालय के कुल पांच छात्र-छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। इनमें कला संकाय के मेधावी छात्र साकेत अरोरा ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय के सभी संकायों में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं कला संकाय की छात्रा आकांषिका ने भी 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त अनुश्का गौतम ने 91.2 प्रतिशत तथा अंतरा आर्या ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस वर्ष विद्यार्थियों ने सभी विषयों में बेहतरीन प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि पांच विद्यार्थियों ने कला विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में गर्व और हर्ष का वातावरण है। विद्यालय की अध्यक्षा श्रीमती मुक्ता सिंह ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। हमारे छात्र-छात्राओं ने यह सिद्ध कर दिया है कि निरंतर परिश्रम और अनुशासन से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। विद्यालय हमेशा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है। हमें अपने सभी विद्यार्थियों पर गर्व है और हम उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।” विद्यालय के प्रधानाचार्य अनुज भाटिया ने भी सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और अनुशासन को भी प्राथमिकता देता है, जिसका सकारात्मक परिणाम आज देखने को मिल रहा है। इस अवसर पर विद्यालय सचिव अनुराग कुमार सिंह, मनु अग्रवाल, राजेन्द्र फर्तियाल, नेहा पंत, निषा शर्मा सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर उनकी सफलता का उत्सव मनाया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



