IMG-20260513-WA0042

काशीपुर। सी बी एस ई द्वारा बुधवार को घोषित किए गए इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में शिवालिक होली माउंट एकेडमी, काशीपुर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिससे पूरे विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों की इस सफलता पर अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन ने हर्ष व्यक्त किया। विद्यालय की मेधावी छात्रा प्रणति भाकुनी ने 94.0 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं हर्षित बहुखण्डी ने 93.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। खुशी रावत एवं महिमा ने 93.4 प्रतिशत अंक अर्जित कर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त भी कई विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर विद्यालय की श्रेष्ठ शैक्षणिक परंपरा को आगे बढ़ाया। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी सफलता का जश्न मनाया। अभिभावकों ने भी विद्यालय के शिक्षकों और प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय द्वारा दी गई गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासित वातावरण का ही परिणाम है कि बच्चे लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री कबीन्द्र सिंह डसीला ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है और आगे भी विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान किया जाता रहेगा। विद्यालय के प्रबंध निदेशक श्री बसंत बल्लभ भट्ट ने विद्यार्थियों की सफलता पर विशेष प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शिवालिक होली माउंट एकेडमी हमेशा से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कारयुक्त वातावरण देने के लिए प्रयासरत रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम पूरे स्टाफ और विद्यार्थियों की सामूहिक मेहनत का प्रमाण है। श्री भट्ट ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों ने जिस लगन और अनुशासन के साथ अध्ययन किया है, वह अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी सफल छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!