





काशीपुर। काशीपुर डेवलपमेंट फोरम (KDF) द्वारा आज काशीपुर, बाजपुर, जसपुर एवं रामनगर क्षेत्र के विभिन्न सीबीएसई एवं उत्तराखण्ड बोर्ड विद्यालयों के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ नगर निगम काशीपुर के महापौर दीपक बाली एवं केडीएफ संस्था के अध्यक्ष राजीव घई द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विजडम पब्लिक स्कूल के चेयरमैन एवं प्रबन्धक मनीष मित्तल ने की। मुख्य अतिथि महापौर दीपक बाली ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के माध्यम से विद्यार्थी जीवन में बड़ी उपलब्धियां प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को निरंतर आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। खण्ड शिक्षा अधिकारी काशीपुर डी.के. साहू ने भी विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों एवं अभिभावकों की मेहनत का भी परिणाम है। कार्यक्रम के दौरान सीबीएसई बोर्ड की कक्षा 10 में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली जैनेंद्र इंटरनेशनल स्कूल, जसपुर की छात्रा अक्षिता को सम्मानित किया गया। वहीं कक्षा 12 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजन वैली स्कूल, काशीपुर की छात्राएं मूस्कान गौर एवं मारिया अब्राहम को भी सम्मानित किया गया। उत्तराखण्ड बोर्ड में कक्षा 10 में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाली सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की छात्रा रूप किशोर लाल तथा कक्षा 12 में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली आर्य कन्या इंटर कॉलेज की छात्रा अपर्णी को भी मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया कार्यक्रम में विजडम पब्लिक स्कूल के प्रबन्धक विशाल अग्रवाल एवं प्रधानाचार्य कपिल मित्तल का विशेष सहयोग रहा। अंत में केडीएफ अध्यक्ष राजीव घई ने सभी विद्यालयों, शिक्षकों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन विजय शर्मा एवं रिजवान हुसैन द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के प्रबन्धक, प्रधानाचार्य, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



