काशीपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व की उपस्थिति में देहरादून में आयोजित सांसद एवं विधायकगणों की महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश के जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन तथा राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष ने सांसदों और विधायकों को संबोधित करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, जनता के बीच सक्रियता बढ़ाने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा भी उपस्थित रहे। उन्होंने इसे अपने लिए सौभाग्य बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक से जनप्रतिनिधियों को नई ऊर्जा और दिशा प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जनसेवा, संगठनात्मक समन्वय और विकास कार्यों की गति को और तेज करने पर विशेष जोर दिया। बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहें। वहीं राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष ने संगठन की कार्यशैली, बूथ स्तर तक मजबूती तथा कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाए रखने के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सह-प्रभारी रेखा वर्मा तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजय कुमार सहित प्रदेश के सभी सांसद और विधायक मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश के विकास, संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और उत्तराखंड सरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन से संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा जनसेवा के कार्यों को नई गति मिलेगी।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



