Screenshot_20260603_171837_Facebook

काशीपुर। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर माननीय राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार सत्येन्द्र चन्द्र गुड़िया लॉ कॉलेज, काशीपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, उधम सिंह नगर एवं तहसील विधिक सेवा प्राधिकरण, काशीपुर के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य विधिक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों, उससे होने वाली गंभीर बीमारियों तथा कानूनी एवं सामाजिक पहलुओं के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिविल जज (सी.डी.) एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, उधम सिंह नगर ममता पंत उपस्थित रहीं।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि तंबाकू सेवन केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके परिवार, समाज और आर्थिक स्थिति पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से नशे और तंबाकू उत्पादों से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को न्याय दिलाने के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक विषयों पर भी जन-जागरूकता अभियान चलाता रहता है।

विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित सिविल जज (जू.डी.) एवं सचिव, तहसील विधिक सेवा प्राधिकरण, काशीपुर सृष्टि बानियाल ने कहा कि तंबाकू सेवन आज एक गंभीर सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी चुनौती बन चुका है। विशेष रूप से युवाओं में बढ़ती तंबाकू की लत चिंता का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक बनकर समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने की प्रेरणा दी। उप जिला चिकित्सालय, काशीपुर के उप-चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रियांक चौहान ने तंबाकू सेवन से होने वाली विभिन्न बीमारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि तंबाकू के सेवन से कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की गंभीर बीमारियां, उच्च रक्तचाप तथा अन्य अनेक जानलेवा रोगों का खतरा बढ़ जाता है।

उन्होंने कहा कि तंबाकू छोड़ने का निर्णय व्यक्ति के जीवन को स्वस्थ और सुरक्षित बनाने की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कदम है। कोतवाली आईटीआई, काशीपुर के एसएसआई पुष्कर जोशी ने युवाओं को नशे एवं तंबाकू से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति को अपराध और सामाजिक पतन की ओर ले जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कानून का सम्मान करने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया अल्पसंख्यक पिछड़ा वर्ग विकास समिति की सचिव राशिदा अंसारी ने महिलाओं एवं युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यदि परिवार और समाज मिलकर तंबाकू विरोधी अभियान चलाएं तो इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ सकते हैं। उन्होंने तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सामूहिक भागीदारी पर बल दिया। डॉ. दीपिका गुड़िया आत्रेय, प्राचार्या, चंद्रावती तिवारी कन्या पी.जी. कॉलेज, काशीपुर ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त साधन भी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और तंबाकू सेवन के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में डॉ. सुधीर दुबे, रजिस्ट्रार, सत्येन्द्र चन्द्र गुड़िया लॉ कॉलेज ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों, कानूनी प्रावधानों एवं उससे बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर तंबाकू निषेध से संबंधित शपथ दिलाई गई तथा सभी उपस्थित लोगों ने तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, अधिवक्ता, विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!