






देहरादून। विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर उत्तराखंड अल्पसंख्यक कल्याण निगम परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” संकल्प के साथ भव्य वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखंड अल्पसंख्यक कल्याण निगम के महाप्रबंधक डॉ. शाहिद समी सिद्दीकी के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में संपन्न हुआ, जिसमें निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान निगम परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के माध्यम से लोगों को अपनी माताओं के सम्मान में एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक डॉ. शाहिद समी सिद्दीकी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन मनाने का विषय नहीं है, बल्कि इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन के कारण पृथ्वी अनेक चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाए और उसके संरक्षण का भी संकल्प ले। उन्होंने कहा, “माँ हमें जन्म देती है और वृक्ष हमें जीवन देते हैं। इसलिए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल वृक्षारोपण नहीं बल्कि मातृत्व और प्रकृति दोनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है। आज हम अपनी माँ और धरती माँ दोनों को नमन करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प ले रहे हैं।” कार्यक्रम को और अधिक गरिमामय बनाने के लिए जे. एस. रावत, हीरा सिंह बसेड़ा, संजय नेगी तथा श्याम डोभाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा समाज के प्रत्येक नागरिक से प्रकृति के संरक्षण हेतु आगे आने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में श्री दोण्डियाल, श्री भगवती प्रसाद त्रिवेदी, सुश्री पुष्पा, श्री संजय रावत, श्री सोहन सिंह रावत सहित निगम के सभी सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा हरित उत्तराखंड के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने यह संदेश दिया कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने जीवन में एक वृक्ष लगाकर उसका संरक्षण करे तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित यह वृक्षारोपण अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और हरित भविष्य की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



