IMG-20260616-WA0021

काशीपुर। भारतीय जनता पार्टी कवि नगर मंडल महिला मोर्चा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणादायी अपील “कम तेल की थाली, स्वस्थ भारत की खुशहाली” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से काशीपुर के कवि नगर मंडल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट एवं जिला अध्यक्ष आकांक्षा ठाकुर के निर्देशानुसार कवि नगर मंडल अध्यक्ष राधा चौहान के नेतृत्व में उनके आवास पर संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महिलाओं को संतुलित एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि अत्यधिक तेलयुक्त भोजन अनेक बीमारियों का कारण बनता है, जबकि कम तेल एवं पौष्टिक आहार स्वस्थ शरीर और बेहतर जीवन का आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से किए गए आह्वान के अनुरूप सभी महिलाओं ने अपने परिवारों में स्वस्थ खानपान की आदतों को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं ने अपनी माताओं के सम्मान में एक-एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण न केवल पर्यावरण संतुलन के लिए आवश्यक है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। महिलाओं ने पौधों की देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक सहभागिता जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया कार्यक्रम में पूनम मंझरिया, उषा शर्मा, किरन फर्त्याल, अर्चना शर्मा, नसरीन खान, पायल अग्रवाल, अंजू चौहान, हीरा देवी, सविता सहित अनेक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ भारत और हरित भारत के संकल्प के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!