
काशीपुर। उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और लोक कला को देश-दुनिया तक पहुंचाने में युवा कलाकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इन्हीं प्रतिभाशाली कलाकारों में एक प्रमुख नाम है अंकिता परिहार, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट अभिनय और समर्पण के बल पर उत्तराखंड फिल्म उद्योग में अपनी एक अलग पहचान स्थापित की है। काशीपुर के आर.के. पुरम सेक्टर-1 की निवासी अंकिता परिहार आज उत्तराखंड की सफल अभिनेत्रियों में शुमार की जाती हैं और अपनी मेहनत, प्रतिभा तथा कला के प्रति समर्पण के कारण लगातार सफलता की नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। अंकिता परिहार एक मध्यम परिवार से संबंध रखती हैं। उनके पिता प्रवीण परिहार पशुपति एक्रिलोंन प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत रहे हैं और वर्तमान में सेवानिवृत्त जीवन व्यतीत कर रहे हैं। उनकी माता पूजा परिहार गृहिणी हैं, जिन्होंने हमेशा अपनी बेटी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। परिवार के संस्कार और सहयोग ने ही अंकिता को अपने सपनों को साकार करने का साहस दिया अंकिता परिहार ने अपनी शिक्षा के साथ-साथ संगीत और कला के क्षेत्र में भी विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उन्होंने एम.ए. तथा संगीत और नृत्य के क्षेत्र में शिक्षा ग्रहण की है। संगीत और अभिनय के प्रति उनकी रुचि बचपन से ही रही, जिसने उन्हें मनोरंजन जगत की ओर आकर्षित किया। अपनी प्रतिभा और निरंतर मेहनत के दम पर उन्होंने गढ़वाली और कुमाऊनी फिल्मों में प्रभावशाली अभिनय करते हुए दर्शकों का दिल जीता और उत्तराखंड फिल्म जगत में अपनी मजबूत पहचान बनाई। मीडिया से बातचीत करते हुए अंकिता परिहार ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल अभिनय करना नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध लोक कला, संस्कृति, परंपराओं और पहाड़ी जीवन शैली को सिनेमा के माध्यम से देश और दुनिया तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत बेहद समृद्ध है और इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने में सिनेमा एक प्रभावशाली माध्यम साबित हो सकता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उनकी कई गढ़वाली और कुमाऊनी फिल्मों के साथ हिंदी फिल्में निर्माणाधीन हैं, जो जल्द ही दर्शकों के बीच रिलीज होने वाली हैं। इन फिल्मों में उन्होंने विभिन्न प्रकार की भूमिकाएं निभाई हैं, जो दर्शकों को एक नया अनुभव प्रदान करेंगी। अंकिता का मानना है कि क्षेत्रीय सिनेमा को बढ़ावा देकर स्थानीय कलाकारों को भी बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। अंकिता परिहार ने युवा कलाकारों को संदेश देते हुए कहा कि यदि व्यक्ति में प्रतिभा और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण हो तो किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि संघर्ष जीवन का हिस्सा है, लेकिन निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास के बल पर हर चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है। आज अंकिता परिहार अपनी मेहनत, लगन और अभिनय कौशल के दम पर न केवल काशीपुर बल्कि पूरे उत्तराखंड का गौरव बढ़ा रही हैं। उनकी सफलता प्रदेश की युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है। आने वाले समय में उनकी नई फिल्मों का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है और उम्मीद की जा रही है कि वह उत्तराखंड फिल्म उद्योग को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेंगी।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



