
काशीपुर। बीती 16 तारीख को काशीपुर की वैशाली कॉलोनी स्थित सत्यम पैलेस के पीछे गली नंबर-6, वार्ड नंबर-10 में हुई चोरी की सनसनीखेज घटना का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पीसीयू चेयरमैन राम मेहरोत्रा आज पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। पीड़ित परिवार से बातचीत के दौरान राम मेहरोत्रा ने उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया और कहा कि इस कठिन समय में पूरा समाज उनके साथ खड़ा है। उन्होंने घटना को अत्यंत चिंताजनक बताते हुए कहा कि जिस प्रकार चोरों ने घर में प्रवेश करने के लिए पहले ताला तोड़ने का प्रयास किया और जब ताला नहीं टूटा तो दरवाजे में ही आग लगा दी, वह अपने आप में बेहद हैरान करने वाली और गंभीर घटना है। मीडिया से बातचीत करते हुए राम मेहरोत्रा ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करती हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि मामले की गहन जांच कर जल्द से जल्द घटना का खुलासा किया जाए तथा दोषियों को गिरफ्तार कर कानून के हवाले किया जाए। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस मामले को लेकर पुलिस विभाग के आला अधिकारियों से भी बातचीत की है और उनसे अनुरोध किया है कि इस चोरी की घटना को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस प्रशासन जल्द ही इस मामले का पर्दाफाश कर अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफल होगा। राम मेहरोत्रा ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होना आवश्यक है ताकि भविष्य में कोई भी असामाजिक तत्व इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम देने का साहस न कर सके।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



