IMG-20260624-WA0032

काशीपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा शाह के नेतृत्व में काशीपुर क्षेत्र में आठ प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के तीन नमूने जांच के लिए एकत्रित किए गए। जानकारी के अनुसार सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ग्राम परमानंदपुर स्थित रवि किराना स्टोर पहुंची। यहां निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की जांच की गई और गुणवत्ता की पुष्टि के लिए अमूल बादाम शेक का एक नमूना तथा बेसन का एक नमूना संग्रहित किया गया। अधिकारियों ने दुकान संचालक को खाद्य सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन करने तथा खाद्य सामग्री के रख-रखाव में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त (ग्रेविएन्स एफसीसीआई) शिकायत के आधार पर काशीपुर स्थित होटल कुमाऊँ प्लाजा का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान होटल में तैयार किए जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई तथा पनीर बटर मसाला का नमूना लेकर प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजा गया। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा शाह ने बताया कि जनहित से जुड़े मामलों में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग द्वारा नियमित रूप से निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों के लिए गए सभी नमूनों को विधिवत सील कर परीक्षण हेतु अधिकृत प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी नमूने में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं मिलावटी, दूषित अथवा मानकों के अनुरूप न होने वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री की सूचना मिले तो उसकी शिकायत संबंधित विभाग अथवा सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा, वहीं उपभोक्ताओं ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!