
काशीपुर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के नवनियुक्त नैनीताल जिला सह प्रभारी बाबूराम तोमर का भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष इंतजार हुसैन के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का विश्वास व्यक्त किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाबूराम तोमर ने भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसान हितैषी पार्टी है और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार किसानों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आधुनिक बनाने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, कृषि उपकरणों पर अनुदान, बीज एवं उर्वरक उपलब्ध कराने सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है। इन योजनाओं का लाभ प्रदेश का किसान बड़ी संख्या में उठा रहा है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। बाबूराम तोमर ने कहा कि सरकार की किसान हितैषी नीतियों और विकास कार्यों से प्रदेश का किसान भारतीय जनता पार्टी के साथ मजबूती से जुड़ रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड का किसान एक बार फिर भाजपा के पक्ष में अपना समर्थन देकर विकास और सुशासन की राजनीति को आगे बढ़ाएगा। कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष इंतजार हुसैन ने बाबूराम तोमर को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि उनके अनुभव और संगठनात्मक क्षमता का लाभ भाजपा किसान मोर्चा को अवश्य मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि बाबूराम तोमर किसानों के बीच संगठन को और अधिक मजबूत करने के साथ-साथ सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाबूराम तोमर का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



