IMG-20260701-WA0032

काशीपुर। रोटरी क्लब काशीपुर द्वारा बुधवार को रोटरी क्लब भवन में डॉक्टर्स डे एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे के अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में नगर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को उनके उत्कृष्ट सामाजिक, मानवीय एवं व्यावसायिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज निर्माण में इन दोनों महत्वपूर्ण पेशों की भूमिका को रेखांकित करते हुए उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करना था। सम्मानित होने वाले चिकित्सकों में डॉ. एस.पी. गुप्ता, डॉ. बी.एम. गोयल, डॉ. पुनीत बंसल, डॉ. वीना जोशी, डॉ. संजय गुप्ता, डॉ. के.के. अग्रवाल, डॉ. कनिका अग्रवाल, डॉ. अभिषेक गोयल तथा डॉ. ए.के. सिरोही प्रमुख रूप से शामिल रहे। वहीं वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट कुलभूषण गर्ग को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा नगर के लगभग 30 चिकित्सकों को भी सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन रोटेरियन राजीव खरबंदा ने किया। इस अवसर पर रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3110 के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर देवेंद्र कुमार अग्रवाल ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 1 जुलाई से रोटरी इंटरनेशनल का नया सत्र प्रारंभ होता है और इसी दिन भारत में डॉक्टर्स डे तथा चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे भी मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी व्यवसाय सम्मान के पात्र हैं, लेकिन चिकित्सक और चार्टर्ड अकाउंटेंट राष्ट्र निर्माण में विशेष भूमिका निभाते हैं। चिकित्सक जहां लोगों के जीवन की रक्षा करते हैं, वहीं चार्टर्ड अकाउंटेंट देश की आर्थिक व्यवस्था और वित्तीय अनुशासन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। रोटरी क्लब ऐसे सभी सेवा भाव से जुड़े लोगों का सम्मान कर स्वयं को गौरवान्वित महसूस करता है। रोटरी क्लब काशीपुर की सचिव रेखा अग्रवाल ने कहा कि क्लब द्वारा इस अवसर को एक उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब एक परिवार है और परिवार के सभी सदस्य मिलकर समाज के लिए कार्य करने वाले लोगों का सम्मान करना अपना दायित्व मानते हैं। डॉक्टर मानव जीवन की सुरक्षा करते हैं और चार्टर्ड अकाउंटेंट आर्थिक व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में दोनों ही वर्ग सम्मान के वास्तविक अधिकारी हैं। रोटरी क्लब काशीपुर के अध्यक्ष संजय गोयल ने कहा कि डॉक्टरों का स्थान समाज में अत्यंत महत्वपूर्ण है। जब कोई व्यक्ति गंभीर बीमारी से जूझता है तो उसके लिए चिकित्सक किसी भगवान से कम नहीं होते। उनकी सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदनाएं समाज को स्वस्थ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। वहीं चार्टर्ड अकाउंटेंट व्यापार, उद्योग और व्यक्तिगत वित्तीय गतिविधियों को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। इसलिए दोनों ही पेशे समाज की प्रगति के मजबूत आधार हैं। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बी.एम. गोयल ने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल एक पेशा नहीं बल्कि मानवता की सेवा का माध्यम है। सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता ही चिकित्सा क्षेत्र की सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने रोटरी क्लब द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों और समाज के विभिन्न वर्गों को सम्मानित करने की परंपरा की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायी बताया। समारोह में रोटरी फाउंडेशन जोन-6 के एंडोमेंट मेजर गिफ्ट एडवाइजर एवं पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पवन अग्रवाल, रोटेरियन प्राची अग्रवाल, रोटेरियन राज मेहरोत्रा, रोटेरियन विजय जिंदल, रोटेरियन संजय अग्रवाल सहित रोटरी क्लब के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का समापन सभी सम्मानित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!