Screenshot_20260703_200554_Facebook

कहा— मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए पूरी निष्ठा से करूंगी कार्य

काशीपुर। भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री मुक्ता सिंह को उत्तराखंड राज्य महिला आयोग का सदस्य मनोनीत किए जाने पर उन्होंने प्रदेश नेतृत्व के प्रति गहरा आभार व्यक्त करते हुए इसे अपने लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि यह दायित्व महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा। मुक्ता सिंह ने कहा कि वह उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की हृदय से आभारी हैं, जिन्होंने उन पर विश्वास व्यक्त करते हुए उन्हें उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग का सदस्य नियुक्त किया। उन्होंने कहा कि यह केवल व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि महिलाओं की सेवा के लिए पार्टी द्वारा उन पर जताया गया विश्वास है, जिसे वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने अपने संदेश में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद अजय भट्ट, काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, काशीपुर के महापौर दीपक बाली, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज पाल तथा भाजपा प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा का भी विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन सभी वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन, स्नेह, सहयोग और उनके कार्यों पर विश्वास उन्हें निरंतर समाजसेवा के लिए प्रेरित करता रहा है। मुक्ता सिंह ने कहा कि महिला आयोग की सदस्य के रूप में उनकी प्राथमिकता महिलाओं की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा, सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य करना रहेगा। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और समान अवसर की भावना को मजबूत करने के लिए वह हर स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाएंगी उन्होंने विश्वास दिलाया कि उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ करेंगी तथा उत्तराखण्ड की मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा, न्याय और सशक्तिकरण के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!