IMG-20260707-WA0018

काशीपुर/सुल्तानपुर पट्टी। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा जिला नैनीताल के नव नियुक्त सह प्रभारी बाबूराम के पैतृक ग्राम रामजीवनपुर में उनके सम्मान में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामवासियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाबूराम का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत करते हुए उनके नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश इंतजार हुसैन तथा भारतीय जनता पार्टी बाजपुर एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष यशपाल राजहंस का भी गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ भाजपा नेता यशपाल सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और जनसेवा के माध्यम से ही पार्टी निरंतर आगे बढ़ रही है तथा कार्यकर्ताओं का सम्मान भाजपा की कार्यसंस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। अपने संबोधन में किसान मोर्चा के नव नियुक्त जिला सह प्रभारी बाबूराम ने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार द्वारा किसानों के हित में अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं और उनका प्रयास रहेगा कि इन योजनाओं का लाभ सीधे प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आधुनिक बनाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए लगातार कार्य कर रही है, जिससे किसानों में सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष इंतजार हुसैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और उत्तराखंड सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, रोजगार के अवसरों का सृजन तथा लघु एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्षों तक जनता को भ्रमित करने का कार्य किया, जबकि वर्तमान सरकार विकास और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
भारतीय जनता पार्टी बाजपुर एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष यशपाल राजहंस ने कहा कि भाजपा सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए समान भाव से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति, किसान, युवा, महिला और गरीब परिवारों के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार ने अनेक जनहितकारी योजनाएं लागू की हैं, जिनका लाभ पारदर्शी तरीके से लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास, सुशासन और पारदर्शिता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा का उद्देश्य सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के फारुख खान ने भी अपने संबोधन में उत्तराखंड सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि सरकार सभी वर्गों के हितों का ध्यान रखते हुए समावेशी विकास की दिशा में कार्य कर रही है। इस अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चे के प्रदेश उपाध्यक्ष शमशाद हुसैन, शाकिर अंसारी, जीतू तोमर, महेंद्र सिंह काले, करन सिंह, रामचंद्र, गोविंद, श्री प्रसाद, राजेश, राजकुमार, जगदीश, विजय, सोनू, अनु मलिक, दिलीप सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा सरकार की जनहितकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!