काशीपुर। शिक्षा को प्रोत्साहन देने तथा समाज सेवा के अपने संकल्प को आगे बढ़ाते हुए रोटरी क्लब काशीपुर द्वारा बाजपुर रोड स्थित एक निजी रिसोर्ट में भव्य साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी छात्राओं को 100 निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया, जिससे उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिल सके और उनकी शिक्षा बिना किसी बाधा के निरंतर जारी रह सके। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोटेरियन वासुदेव गोल्यान तथा विशिष्ट अतिथि (गेस्ट ऑफ ऑनर) रोटेरियन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जसवीर सिंह भटिला का स्कूली छात्राओं ने पुष्पवर्षा, स्वागत गीत एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।

कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, सेवा भावना और शिक्षा के प्रति समर्पण से ओत-प्रोत रहा। रोटरी क्लब काशीपुर के अध्यक्ष रोटेरियन संजय गोयल एवं सचिव रोटेरियन रेखा अग्रवाल ने कहा कि रोटरी क्लब सदैव शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में सेवा कार्यों के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने का प्रयास करता रहा है। उन्होंने कहा कि साइकिल वितरण कार्यक्रम का उद्देश्य उन छात्राओं को सहयोग प्रदान करना है जिन्हें प्रतिदिन लंबी दूरी तय कर विद्यालय जाना पड़ता है।

यह पहल न केवल उनकी शिक्षा को सुगम बनाएगी, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी प्रेरित करेगी। उन्होंने इस सेवा परियोजना को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी रोटेरियन एवं सहयोगियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर देवेंद्र कुमार अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि रोटरी क्लब का मूल उद्देश्य मानव सेवा है और शिक्षा के क्षेत्र में किया गया प्रत्येक प्रयास समाज के उज्ज्वल भविष्य की नींव को मजबूत करता है।

उन्होंने कहा कि छात्राओं को साइकिल उपलब्ध कराना केवल एक सहायता नहीं, बल्कि उनके सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम है। उन्होंने रोटरी क्लब काशीपुर की सेवा परियोजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि क्लब वर्षों से समाज के विभिन्न वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहा है और ऐसे जनकल्याणकारी अभियान अन्य संस्थाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।

रोटरी क्लब के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन पवन अग्रवाल ने कहा कि प्रत्येक बेटी को शिक्षा प्राप्त करने का समान अवसर मिलना चाहिए। कई बार आर्थिक परिस्थितियों और विद्यालय की दूरी के कारण छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होती है। ऐसे में रोटरी क्लब का यह प्रयास उनके लिए एक नई उम्मीद लेकर आया है। उन्होंने कहा कि एक साइकिल केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, समय की बचत और बेहतर भविष्य की ओर बढ़ने का माध्यम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन छात्राओं की सफलता ही इस सेवा परियोजना की सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।

कार्यक्रम में साइकिल वितरण परियोजना के अध्यक्ष रोटेरियन राज मेहरोत्रा, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन देवेंद्र अग्रवाल, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन पवन अग्रवाल, रोटेरियन अर्पण जिंदल, रोटेरियन संजय अग्रवाल पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर शरद चंद्रा, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर किशोर कटरू, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नीरव निमेष अग्रवाल, रोटेरियन विनय कृष्णा, रोटरी क्लब काशीपुर के नवनियुक्त अध्यक्ष रोटेरियन शरद गोयल, सचिव रोटेरियन रेखा अग्रवाल, संयुक्त सचिव रोटेरियन प्राची अग्रवाल सहित रोटरी क्लब के अनेक पदाधिकारी, सदस्यगण, गणमान्य नागरिक एवं छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे जनहितकारी प्रयासों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।


जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
