IMG-20260708-WA0043

38वें वार्षिक अधिष्ठापन समारोह में नए पदाधिकारियों ने ली शपथ, ‘पंख’ अभियान के तहत मेधावी छात्राओं को मिली साइकिलें

काशीपुर। सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व के संकल्प के साथ रोटरी क्लब ऑफ काशीपुर ने नए सत्र 2026-27 की शुरुआत की। बाजपुर रोड स्थित एक निजी रिसोर्ट में आयोजित क्लब के 38वें वार्षिक अधिष्ठापन समारोह में नई कार्यकारिणी ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। समारोह में जहां नए पदाधिकारियों ने सेवा को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया, वहीं शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी छात्राओं को ‘पंख’ अभियान के अंतर्गत निशुल्क साइकिलें भी वितरित की गईं। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जसपाल सिंह भाटिया, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि प्रकाश अग्रवाल, देवेंद्र कुमार अग्रवाल, शरत चंद्रा, किशोर कटरू, पवन अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक राज मेहरोत्रा, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नीरव निमेष अग्रवाल, डीजीएन विनय कृष्णा, नवनियुक्त अध्यक्ष रोटेरियन संजय गोयल, सचिव रोटेरियन रेखा अग्रवाल एवं संयुक्त सचिव रोटेरियन प्राची अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा राष्ट्रगान के साथ किया। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जसपाल सिंह भाटिया ने वर्ष 2026-27 के लिए नवनियुक्त अध्यक्ष रोटेरियन संजय गोयल, सचिव रोटेरियन रेखा अग्रवाल सहित नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि रोटरी केवल सेवा का संगठन नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त माध्यम है। नई टीम से समाजहित के कार्यों को और अधिक गति मिलने की अपेक्षा है। पदभार ग्रहण करने के बाद क्लब अध्यक्ष रोटेरियन संजय गोयल ने कहा कि रोटरी का मूल मंत्र “सेवा ही सर्वोपरि” है और इसी भावना के साथ क्लब शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा गतिविधियों को पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। क्लब सचिव रोटेरियन रेखा अग्रवाल ने पॉवर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से आगामी छह माह की कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए स्वास्थ्य शिविर, वृक्षारोपण, शिक्षा सहायता, महिला सशक्तिकरण, रक्तदान शिविर और विभिन्न जनकल्याणकारी परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब आगामी सत्र में समाज के अधिक से अधिक लोगों तक अपनी सेवा गतिविधियों का विस्तार करेगा। समारोह के दौरान सदस्यता विस्तार अभियान के अंतर्गत शहर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रवि सिंघल के सुपुत्र डॉ. राहुल सिंघल को क्लब की सदस्यता दिलाई गई। वहीं भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) के निदेशक प्रो. नीरज द्विवेदी, डीन प्रो. कुणाल गांगुली तथा प्रो. वैभव भमोरिया ने भी रोटरी क्लब की मानद सदस्यता स्वीकार कर सेवा कार्यों में सहभागिता का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि रोटरी इंटरनेशनल विश्वभर में शांति, सद्भाव, मानवीय सहायता और सामाजिक विकास के लिए कार्य करने वाला अग्रणी संगठन है। उन्होंने रोटरी क्लब ऑफ काशीपुर द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, चिकित्सा शिविर, रक्तदान एवं जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए सेवा के इस अभियान को और अधिक व्यापक बनाने का आह्वान किया।

‘पंख’ अभियान से छात्राओं के सपनों को मिली उड़ान

समारोह का सबसे भावुक और प्रेरणादायी क्षण तब आया जब रोटरी क्लब ऑफ काशीपुर ने अपने महत्वाकांक्षी ‘पंख’ अभियान के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी छात्राओं को निशुल्क साइकिलें भेंट कीं। अतिथियों ने कहा कि यह पहल केवल साइकिल वितरण नहीं, बल्कि बेटियों की शिक्षा को नई उड़ान देने का प्रयास है। इससे छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी और उनकी पढ़ाई बिना किसी बाधा के जारी रह सकेगी। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने रोटरी के सेवा संकल्प को दोहराते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का आह्वान किया। समारोह में बड़ी संख्या में रोटेरियन्स, सामाजिक कार्यकर्ता, चिकित्सक, शिक्षाविद एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!