काशीपुर। शहर में लगातार बढ़ती यातायात समस्या और सड़क किनारे बेतरतीब खड़े ई-रिक्शाओं से लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए नगर निगम और परिवहन विभाग ने नई पहल शुरू की है। योजना के तहत अब ई-रिक्शाओं के लिए निर्धारित रूट तय किए जाएंगे और प्रत्येक रूट के ई-रिक्शाओं की पहचान अलग-अलग रंग की पट्टियों से की जाएगी। इससे यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के साथ ही यात्रियों को भी अपने गंतव्य के अनुसार ई-रिक्शा पहचानने में आसानी होगी।
जानकारी के अनुसार नगर निगम क्षेत्र में वर्तमान समय में पांच हज़ार से अधिक ई-रिक्शा संचालित हो रहे हैं। इनमें लगभग दो हज़ार ई-रिक्शा उत्तर प्रदेश के सीमा से सटे ग्रामीण क्षेत्रों के हैं, जो बिना किसी निर्धारित व्यवस्था के शहर में संचालित होते रहते हैं। इससे प्रमुख बाजारों, चौराहों और व्यस्त मार्गों पर अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। नगर निगम ने पूर्व में ई-रिक्शाओं की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पंजीकरण अभियान चलाया था। उस दौरान पंजीकृत ई-रिक्शाओं पर पहचान प्लेट भी लगाई गई थी, लेकिन समय के साथ यह व्यवस्था धीमी पड़ गई। इसका परिणाम यह हुआ कि बाहरी क्षेत्रों के ई-रिक्शा भी बड़ी संख्या में शहर में संचालित होने लगे, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने लगी। महापौर दीपक बाली का कहना है कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग के सहयोग से रूट निर्धारण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रत्येक रूट पर चलने वाले ई-रिक्शाओं को अलग-अलग रंग की पट्टी प्रदान की जाएगी, जिससे उनकी पहचान आसानी से हो सकेगी। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से यात्रियों को संबंधित रूट का ई-रिक्शा खोजने में सुविधा मिलेगी, साथ ही शहर में लगने वाले जाम पर भी काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकेगा। महापौर ने कहा कि निर्धारित रूट के अनुसार संचालन होने से यातायात नियमों का पालन कराना भी आसान होगा और अव्यवस्थित तरीके से ई-रिक्शा संचालन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।
एआरटीओ (प्रवर्तन) संदीप वर्मा ने बताया कि परिवहन विभाग नगर निगम के साथ समन्वय बनाकर ई-रिक्शाओं के रूट निर्धारण की कार्ययोजना तैयार कर रहा है। सभी प्रमुख मार्गों और यात्री दबाव वाले क्षेत्रों का अध्ययन किया जा रहा है। रूट तय होने के बाद प्रत्येक ई-रिक्शा को निर्धारित रंग की पहचान पट्टी दी जाएगी और उसी रूट पर संचालन सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शा चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी। विभाग का उद्देश्य शहर में सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है। परिवहन विभाग और नगर निगम का मानना है कि यह व्यवस्था लागू होने के बाद शहर में यातायात संचालन अधिक व्यवस्थित होगा, जाम की समस्या में कमी आएगी तथा आम नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सकेगी।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
