
काशीपुर। काशीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से आए नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोग अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक एवं सार्वजनिक समस्याओं को लेकर विधायक कार्यालय पहुंचे, जहां विधायक ने प्रत्येक फरियादी से संवाद कर उनकी शिकायतों का संज्ञान लिया। जनसुनवाई के दौरान विधायक चीमा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता करते हुए जनहित से जुड़े मामलों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव था, उनमें मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जबकि अन्य मामलों के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया गया। इस अवसर पर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के मंत्र तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार जनसेवा, पारदर्शी प्रशासन और सुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की यही सोच है कि प्रत्येक नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और उसकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो। विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास, बेहतर आधारभूत सुविधाएं और जनकल्याण उनके कार्यों की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। जनता का विश्वास उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और इसी विश्वास के बल पर वे लगातार क्षेत्र के विकास तथा लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विधायक कार्यालय हमेशा आमजन के लिए खुला है। कोई भी नागरिक अपनी समस्या या सुझाव लेकर किसी भी समय कार्यालय आ सकता है। जनसुनवाई की यह प्रक्रिया आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी, ताकि जनता और जनप्रतिनिधि के बीच सीधा संवाद बना रहे तथा समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। जनसुनवाई के दौरान क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों और ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों ने पेयजल, सड़क, विद्युत, सफाई, राजस्व, सामाजिक कल्याण योजनाओं सहित अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर अपनी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने सभी समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए और लोगों को भरोसा दिलाया कि प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
