
काशीपुर। समृद्धि विकास कल्याण समिति, काशीपुर द्वारा मानपुर रोड स्थित उजाला हॉस्पिटल के सहयोग से सोमवार को मोहल्ला खालसा स्थित गोसिया मस्जिद के सामने बने हॉल में निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन उजाला हॉस्पिटल के मार्केटिंग मैनेजर तेजपाल सिंह के नेतृत्व में किया गया। शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। इस दौरान सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, नेत्र परीक्षण, शुगर एवं ब्लड प्रेशर (बीपी) की जांच पूरी तरह निशुल्क की गई। जांच के बाद आवश्यकता अनुसार मरीजों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। जिन मरीजों को विस्तृत उपचार की आवश्यकता महसूस हुई, उन्हें मानपुर रोड स्थित उजाला हॉस्पिटल में विशेषज्ञ परामर्श एवं आगे की जांच के लिए रेफर किया गया। शिविर में डॉ. अमित कुमार ने मरीजों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया, जबकि डॉ. संयम मल्होत्रा ने नेत्र रोग संबंधी जांच कर लोगों को आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया। चिकित्सकों ने लोगों को समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने, संतुलित आहार लेने तथा आंखों की नियमित जांच कराने के प्रति जागरूक भी किया समृद्धि विकास कल्याण समिति एवं उजाला हॉस्पिटल की पूरी टीम ने शिविर को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। समिति के स्वयंसेवकों ने पंजीकरण, मरीजों के मार्गदर्शन तथा व्यवस्थाओं का सुचारु संचालन किया, जबकि अस्पताल की टीम ने जांच और चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराईं। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष नितिन जय कुमार ने कहा कि समृद्धि विकास कल्याण समिति निरंतर समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय है और जनहित की भावना के साथ विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करती रही है। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा पूर्व में फल वितरण सहित कई जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं तथा भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सेवा से जुड़े ऐसे आयोजन लगातार किए जाते रहेंगे। उन्होंने इस सफल शिविर के आयोजन में सहयोग देने के लिए उजाला हॉस्पिटल के प्रबंधन, चिकित्सकों, मार्केटिंग मैनेजर तेजपाल सिंह तथा पूरी मेडिकल टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। शिविर के समापन पर आयोजकों ने बताया कि सैकड़ों लोगों ने इस निशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र चिकित्सा शिविर का लाभ उठाया और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी चिकित्सा शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
