Screenshot_20260722_163553_WhatsApp

हल्द्वानी। गौलापार क्षेत्र के मानपुर पश्चिम गांव में मंगलवार को घर में बनी पानी की टंकी की शटरिंग खोलने के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों में मां और उसके दो बेटे शामिल हैं। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, सबसे पहले धर्मेंद्र बिष्ट टंकी के अंदर शटरिंग खोलने के लिए उतरे। कुछ ही देर बाद उनका दम घुटने लगा और वह बेहोश होकर गिर पड़े। बेटे को बचाने के लिए मां सरस्वती देवी टंकी में उतरीं, लेकिन ऑक्सीजन की कमी या जहरीली गैस के प्रभाव से वह भी बेहोश हो गईं। इसके बाद छोटे बेटे खुशहाल बिष्ट ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी टंकी के अंदर जाते ही बेहोश हो गया। ग्रामीणों ने तीनों को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर प्रशासन मौके पर पहुंचा। एसडीएम हल्द्वानी मोनिका बिष्ट ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। घटना की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि अपने परिजनों की जान बचाने के प्रयास में एक के बाद एक मां और दोनों बेटों ने टंकी में प्रवेश किया, लेकिन ऑक्सीजन की कमी या संभावित जहरीली गैस के कारण तीनों की जान चली गई। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!